गुरुग्राम। पुलिस ने 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगने और देसी कट्टे से फायर करने की कोशिश करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया देसी कट्टा और एक कारतूस बरामद किया गया है, जबकि उसके एक अन्य साथी की तलाश जारी है। पुलिस के अनुसार, 25 जून को गांव निमोठ में एक व्यक्ति द्वारा हथियार के बल पर धमकी देने की सूचना मिली थी। जांच के दौरान एक घायल महिला की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया गया। महिला ने बताया कि आरोपी नरेंद्र उनके घर पहुंचा और उसके पति से 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगी। विरोध करने पर उसने देसी कट्टा तानकर फायर करने का प्रयास किया, लेकिन गोली नहीं चली। कट्टा छीनने की कोशिश में महिला घायल हो गई, जिसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मेडिकल रिपोर्ट और शिकायत के आधार पर आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर 27 जून को मंदिर रोड के पास से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मामले की आगे की जांच जारी है।
10 लाख की रंगदारी मांगने वाला आरोपी गिरफ्तार, देसी कट्टा बरामद




