गाजियाबाद। ट्रोनिका सिटी क्षेत्र में सरकारी भूमि पर बने एक कथित अवैध मजार ढांचे को रविवार को प्रशासन ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान चार बुलडोजर, करीब 650 पुलिसकर्मी और दो कंपनी पीएसी तैनात रही। प्रशासन के अनुसार, यह निर्माण सरकारी जमीन पर किया गया था और इसे हटाने के लिए पहले भी नोटिस जारी किया जा चुका था। जांच में भूमि यूपीसीडा के अधिकार क्षेत्र की पाई गई तथा राजस्व अभिलेखों में इस निर्माण का कोई रिकॉर्ड नहीं मिला। अधिकारियों का कहना है कि वर्ष 2021 के दौरान इस स्थान पर स्थायी ढांचा तैयार किया गया था। नोटिस के बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाए जाने पर रविवार को करीब चार घंटे चली कार्रवाई में पूरे ढांचे को हटाया गया। प्रशासन ने बताया कि कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई और मौके पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। इससे पहले इसी महीने जिले में सरकारी जमीन पर बने एक अन्य अवैध मदरसे को भी हटाने की कार्रवाई की गई थी।
सरकारी जमीन पर बनी मजार पर चला बुलडोजर, चार घंटे में ढहाया ढांचा




