गाजियाबाद। विजयनगर थाना क्षेत्र के प्रताप विहार में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब सीएसएचपी स्कूल के सामने फ्लाईओवर से एक 22 वर्षीय नर्सिंग छात्रा नीचे गिर गई। गंभीर रूप से घायल छात्रा को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस प्रथम दृष्टया इसे आत्महत्या का मामला मानकर जांच कर रही है।
मृतका की पहचान शिवानी के रूप में हुई है। वह नोएडा इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी में नर्सिंग प्रथम वर्ष की पढ़ाई कर रही थी। घटना के बाद पुलिस ने उसके मोबाइल फोन को जांच के दायरे में लिया है। अधिकारियों का कहना है कि फोन की जांच से यह पता लगाने में मदद मिल सकती है कि छात्रा ने यह कदम क्यों उठाया।
कॉलेज जाने की बात कहकर घर से निकली थी
पुलिस के मुताबिक शिवानी का परिवार मूल रूप से एटा जिले के बागवाला थाना क्षेत्र के लरहैटा गांव का रहने वाला है। उसके पिता ब्रह्मानंद अपनी पत्नी रेखा और दो बेटियों शिवानी व नीशू के साथ प्रताप विहार के शिवपुरी सेक्टर-9 में रह रहे हैं। ब्रह्मानंद औद्योगिक क्षेत्र में पल्लेदारी का काम करते हैं।
परिजनों के अनुसार, बुधवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे शिवानी घर से कॉलेज जाने की बात कहकर निकली थी। कुछ देर बाद सूचना मिली कि वह सीएसएचपी स्कूल के सामने स्थित फ्लाईओवर से नीचे गिर गई है।
सिर में गंभीर चोट, पैर में भी फ्रैक्चर
फ्लाईओवर से गिरने के कारण शिवानी के सिर में गंभीर चोट आई थी, जबकि उसके पैर में भी फ्रैक्चर हो गया था। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने उसे तत्काल नजदीकी फ्लोरेंस अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू किया, लेकिन उसकी हालत गंभीर बनी रही।
कई घंटे तक चले उपचार के बाद दोपहर करीब दो बजे शिवानी ने दम तोड़ दिया। छात्रा की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया।
मोबाइल फोन की जांच से सामने आएगा कारण
कार्यवाहक एसीपी नगर कोतवाली जियाउद्दीन अहमद ने बताया कि पुलिस घटना की जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में छात्रा के फ्लाईओवर से कूदने की बात सामने आई है। हालांकि, उसने यह कदम क्यों उठाया, इसका अभी स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है।
पुलिस ने छात्रा के मोबाइल फोन की जांच शुरू कर दी है। फोन में मौजूद कॉल डिटेल, मैसेज और अन्य गतिविधियों के आधार पर यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि घटना से पहले उसकी किसी से बातचीत हुई थी या नहीं और क्या किसी वजह से वह तनाव में थी। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।




