गाजियाबाद। लोनी के अंकुर विहार थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब शरद सिटी मोहल्ले में एक मकान के बाहर 40 वर्षीय युवक का शव पड़ा मिला। मृतक की पहचान उत्तम विहार निवासी सुल्तान के रूप में हुई है। वह सोमवार रात दिल्ली स्थित अपने बहनोई के घर से वापस लौट रहा था, लेकिन घर नहीं पहुंचा। सुबह उसका शव मिलने की सूचना पर परिजनों में कोहराम मच गया।
पुलिस के मुताबिक, सुल्तान सोमवार रात करीब 10 बजे दिल्ली के चांदबाग स्थित अपने बहनोई दानिश मलिक के घर से उत्तम विहार के लिए निकला था। देर रात तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला।
मंगलवार सुबह शरद सिटी निवासी इरफान ने परिजनों को सूचना दी कि सुल्तान रजिया के मकान के बाहर अचेत अवस्था में पड़ा हुआ है। यह स्थान उसके घर से महज 250 मीटर की दूरी पर है। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को मामले की जानकारी दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को तत्काल सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना के बाद पुलिस अधिकारियों ने भी घटनास्थल का जायजा लिया।
एसीपी अंकुर विहार अमरदीप मौर्य के अनुसार, शुरुआती जांच में मृतक के शरीर पर चोट के कोई स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि सुल्तान शराब पीने का आदी था। हालांकि, उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। मौत की असली वजह जानने के लिए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य पहलुओं के आधार पर मामले की जांच कर रही है।




