नई दिल्ली। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के खजूरी खास में समीर उर्फ भूरा की सरेराह हत्या के बाद कुख्यात गैंगस्टर नसीम दुरानी उर्फ रिजवान (3S) एक बार फिर पुलिस के रडार पर है। सोमवार शाम हुई इस वारदात ने दिल्ली-एनसीआर में सक्रिय गैंगों के बीच पुरानी दुश्मनी और वर्चस्व की लड़ाई को फिर सुर्खियों में ला दिया है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, नसीम के खिलाफ दिल्ली और उत्तर प्रदेश में हत्या, लूट, डकैती, रंगदारी और चोरी समेत 25 से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इनमें पांच हत्या के मामले भी शामिल बताए जा रहे हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर का रहने वाला नसीम दुरानी लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय है। उस पर वर्ष 2010 में हत्या के एक मामले में जेल जाने का रिकॉर्ड है। एक समय उस पर 50 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था। करीब दो साल पहले उसे भगोड़ा घोषित किया गया था, लेकिन इसके बावजूद वह लगातार आपराधिक वारदातों को अंजाम देता रहा।
छोटा शकील से संपर्क और हत्या की सुपारी का दावा
जांच एजेंसियों के मुताबिक, नसीम के कथित तौर पर अंडरवर्ल्ड डॉन छोटा शकील से संपर्क भी सामने आए थे। बताया जाता है कि बदमाश जुनैद चौधरी के माध्यम से वर्ष 2016-17 के दौरान वह छोटा शकील के संपर्क में आया था। पुलिस सूत्रों का दावा है कि इस दौरान उसे तिहाड़ जेल में बंद अंडरवर्ल्ड डॉन छोटा राजन की हत्या की सुपारी दिए जाने की साजिश से भी जोड़ा गया था।
इसके अलावा पाकिस्तान मूल के बलूच नेता तारिक फतह, आंध्र प्रदेश की फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े एक व्यक्ति और एक बड़े कारोबारी की हत्या के लिए करीब डेढ़ करोड़ रुपये की सुपारी तय होने की बात भी जांच में सामने आई थी। हालांकि, इन कथित साजिशों को अंजाम नहीं दिया जा सका।
पुलिस के अनुसार, हथियार और अन्य संसाधन जुटाने के लिए नसीम ने लूट की वारदातों का सहारा लिया। वर्ष 2017 में गोकुलपुरी में हुई लूट के मामले में वह गिरफ्तार हुआ था और करीब ढाई साल जेल में रहा। इस दौरान कथित हत्या की साजिशें भी आगे नहीं बढ़ सकीं।
लोनी से खजूरी खास तक गैंगवार का खूनी सिलसिला
उत्तर-पूर्वी दिल्ली और गाजियाबाद के लोनी क्षेत्र में वर्चस्व को लेकर नसीम दुरानी और राजा मेवाती उर्फ अक्की डॉन के गिरोहों के बीच लंबे समय से टकराव चल रहा था। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, दोनों गिरोहों के बीच सट्टे और नशे के कारोबार के अलावा ऑटो चालकों से कथित वसूली को लेकर भी विवाद था।
इस गैंगवार में पिछले साल लोनी में नसीम के गिरोह ने राजा मेवाती के भांजे हारून पहलवान पर हमला किया था। हालांकि, हारून इस हमले में बच गया। इसके जवाब में राजा मेवाती के गिरोह की ओर से उत्तर दिल्ली के वजीराबाद इलाके में नसीम के एक करीबी पर जानलेवा हमला किए जाने की बात सामने आई थी।
इसी खूनी टकराव के बीच 26 मई को खजूरी इलाके में राजा मेवाती की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस वारदात में नसीम दुरानी का नाम सामने आया था। इसके बाद हारून पहलवान ने गिरोह की कमान संभाली और 15 जून को दयालपुर के नेहरू विहार इलाके में नसीम के कथित फाइनेंसर राशिद पानीवाला की ताबड़तोड़ गोलियां मारकर हत्या कर दी। इस मामले में हारून फिलहाल जेल में बंद है।
फरारी के दौरान कोर्ट में पेशी से भी बचता रहा नसीम
पुलिस सूत्रों के अनुसार, फरारी के दौरान नसीम ने अदालत में चल रहे मामलों की सुनवाई में पेश होना बंद कर दिया था। उसने अदालत में अर्जी देकर गैंगवार के चलते अपनी जान को खतरा बताया और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पेशी की अनुमति मांगी थी। हालांकि, अदालत ने उसकी अर्जी स्वीकार नहीं की।
छह महीने में दूसरी हत्या से पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल
अब सोमवार शाम खजूरी खास में समीर उर्फ भूरा की हत्या के बाद नसीम एक बार फिर चर्चा में है। बताया जा रहा है कि वह करीब छह महीने पहले हुई हत्या के मामले में भी वांछित था। आरोप है कि उसने दिल्ली सरकार के मंत्री कपिल मिश्रा के कैंप कार्यालय के नजदीक समीर पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर उसकी हत्या कर दी।
जांच के अनुसार, समीर जेल में बंद हारून पहलवान के मामले की पैरवी कर रहा था। ऐसे में पुलिस इस वारदात को पुरानी गैंगवार और आपसी रंजिश के एंगल से भी देख रही है। वारदात में शामिल दूसरे बाइक सवार आरोपी की पहचान किए जाने की बात भी सामने आई है।
एक सेवानिवृत्त एसीपी (क्राइम ब्रांच) ने इस घटना को पुलिस व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती बताया। उनका कहना है कि करीब दो साल से फरार चल रहे बदमाश का छह महीने के भीतर उसी इलाके में दूसरी हत्या को अंजाम देना कानून-व्यवस्था और पुलिस की निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है।
फिलहाल समीर हत्याकांड के बाद पुलिस नसीम दुरानी और उसके नेटवर्क की गतिविधियों की पड़ताल कर रही है। जांच एजेंसियों के सामने सबसे बड़ी चुनौती लंबे समय से फरार चल रहे इस आरोपी तक पहुंचने के साथ-साथ गैंगवार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाना है।




