दिल्ली: डिजिटल अरेस्ट कर रक्षा मंत्रालय के रिटायर्ड अधिकारी से 2.02 करोड़ की ठगी, लखनऊ से तीन आरोपी गिरफ्तार

Must read

नई दिल्ली। साइबर ठगों ने जांच एजेंसियों का अधिकारी बनकर 66 वर्षीय रिटायर्ड रक्षा मंत्रालय के सेक्शन ऑफिसर को डिजिटल अरेस्ट कर 2.02 करोड़ रुपये की चपत लगा दी। जालसाजों ने पीड़ित को आधार कार्ड के दुरुपयोग और जम्मू-कश्मीर में उनके नाम से बैंक खाता खोले जाने की बात कहकर गिरफ्तारी का डर दिखाया। इसके बाद लगातार फोन पर निगरानी रखते हुए अलग-अलग बैंक खातों में रकम ट्रांसफर करा ली। मामले की जांच करते हुए दिल्ली पुलिस की IFSO यूनिट ने लखनऊ से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने बुजुर्ग को फोन कर बताया था कि उनके आधार कार्ड का इस्तेमाल जम्मू-कश्मीर में बैंक खाता खोलने के लिए किया गया है। ठगों ने दावा किया कि इस खाते में करीब 70 लाख रुपये का संदिग्ध लेनदेन हुआ है। खुद को जांच एजेंसियों से जुड़ा अधिकारी बताकर उन्होंने पीड़ित को मनी लॉन्ड्रिंग जैसे गंभीर मामले में फंसाने और गिरफ्तार करने की धमकी दी। गिरफ्तारी से बचने का झांसा देकर आरोपियों ने उन्हें अपने निर्देशों का पालन करने को मजबूर किया और लगातार फोन के जरिए उन पर निगरानी रखी।

इस दौरान पीड़ित से अलग-अलग बैंक खातों में कुल 2.02 करोड़ रुपये ट्रांसफर करा लिए गए। ठगी का अहसास होने पर पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की। डीसीपी गौरव त्यागी के अनुसार, 15 जनवरी को स्पेशल सेल थाने में इस मामले में ई-एफआईआर दर्ज की गई थी। इसके बाद IFSO यूनिट ने बैंक खातों और पैसों के लेनदेन की पड़ताल शुरू की।

बैंक खातों के नेटवर्क से तीन आरोपी दबोचे

जांच में सामने आया कि ठगी की रकम कई बैंक खातों के जरिए अलग-अलग जगह भेजी गई थी। तकनीकी साक्ष्यों और वित्तीय लेनदेन की कड़ियां जोड़ते हुए पुलिस ने लखनऊ में छापेमारी कर मोहम्मद इमरान खान (37), राम किशोर (28) और रूपेंद्र प्रताप सिंह (25) को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के मुताबिक, इमरान की कंपनी के बैंक खाते में ठगी के 17 लाख रुपये पहुंचे थे। राम किशोर कथित तौर पर बैंक खाते उपलब्ध कराने के लिए बिचौलिए की भूमिका निभाता था, जबकि रूपेंद्र खातों का संचालन कर रकम को आगे ट्रांसफर करता था और कमीशन बांटने का काम संभालता था।

क्रिप्टोकरेंसी में भी होता था कमीशन का भुगतान

जांच में यह भी पता चला कि ठगी के नेटवर्क में कमीशन का भुगतान क्रिप्टोकरेंसी USDT के जरिए भी किया जाता था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चार मोबाइल फोन, आठ डेबिट कार्ड और एक चेकबुक बरामद की है।

पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर ठगी के पूरे नेटवर्क, अन्य बैंक खातों और इसमें शामिल संभावित सहयोगियों की जानकारी जुटा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि साइबर ठगी की रकम किन-किन खातों में भेजी गई और इस गिरोह ने अन्य लोगों को भी अपना निशाना बनाया है या नहीं।

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

Latest article