फरीदाबाद। बल्लभगढ़ में 28 वर्षीय कपड़ा कारोबारी ने कथित पारिवारिक विवाद और मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर अपनी दुकान में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से पहले युवक ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें उसने अपनी पत्नी और ससुराल पक्ष पर लगातार प्रताड़ित करने, मारपीट करने तथा झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देने जैसे आरोप लगाए। मृतक के परिजनों का कहना है कि शादी के बाद से पति-पत्नी के बीच लगातार विवाद होते रहे और पत्नी उस पर आर्थिक व पारिवारिक दबाव बनाती थी। परिवार ने आरोप लगाया कि वह पति से पैसे लेकर अपने मायके वालों को देती थी और उसे माता-पिता से भी दूर कर दिया था। पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर पत्नी, सास, ससुर और साली के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो सहित सभी साक्ष्यों और दोनों पक्षों के बयानों के आधार पर मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी।
पत्नी से प्रताड़ना का आरोप, कारोबारी ने वीडियो बनाकर दी जान




