नोएडा। सेक्टर-49 थाना पुलिस ने राहगीरों को कार में लिफ्ट देकर लूटपाट करने वाले चार शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान अमित, नितिन, विवेक और ऋषि के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, गैंग लोगों को कार में बैठाकर उनका मोबाइल, नकदी और कीमती सामान लूट लेता था तथा एक पीड़ित से जबरन मोबाइल अनलॉक कराकर उसके बैंक खाते से भी रकम ट्रांसफर कर ली गई थी। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों को सेक्टर-50 के पास से गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूटा गया iPhone-16, स्मार्ट वॉच, चार्जर, आधार कार्ड, 2,300 रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल कार बरामद की है। पूछताछ में आरोपियों ने जल्द पैसा कमाने के लालच में इस तरह की वारदातों को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। पुलिस अब उनके आपराधिक रिकॉर्ड और अन्य मामलों में संलिप्तता की जांच कर रही है।
लिफ्ट के बहाने लूट करने वाला गैंग दबोचा, iPhone-16 समेत सामान बरामद




