रतलाम। शहर के स्टेशन रोड थाना क्षेत्र में बदमाशों ने ब्लिंकिट डिलीवरी बॉय का भेष बनाकर कारोबारी के कर्मचारियों से करीब 40 लाख रुपये से भरा बैग लूट लिया। घटना 29 जून की दोपहर शहर सराय इलाके में हुई, जब शराब बिक्री की नकदी घर के भीतर ले जाई जा रही थी। इसी दौरान एक बदमाश ने कर्मचारी को जान से मारने की धमकी देकर बैग छीना और बाहर स्कूटी पर इंतजार कर रहे साथी के साथ फरार हो गया। कर्मचारियों ने पीछा किया, लेकिन आरोपी हाथ नहीं आए। पूरी वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। कारोबारी की शिकायत पर पुलिस ने लूट और धमकी का मामला दर्ज कर फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। वहीं, हवाला कारोबार से जुड़े होने की चर्चाओं की आधिकारिक पुष्टि पुलिस ने नहीं की है।
ब्लिंकिट डिलीवरी बॉय बनकर आए बदमाश, 40 लाख से भरा बैग लूटकर फरार




