नई दिल्ली। पूर्वी दिल्ली के पांडव नगर थाना पुलिस ने महिला यात्री के दो लैपटॉप चोरी करने के आरोप में एक कैब चालक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान नोएडा के बहलोलपुर निवासी यादवेंद्र के रूप में हुई है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर चोरी किए गए दोनों लैपटॉप भी बरामद कर लिए हैं।
पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त राजीव कुमार के मुताबिक, 16 नवंबर को एक महिला ने ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई थी। महिला ने अपनी शिकायत में कैब चालक पर दो लैपटॉप चोरी करने का आरोप लगाया था। शिकायत मिलने के बाद पांडव नगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, लेकिन शुरुआत में कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा। इसके बाद पुलिस ने गाजीपुर बॉर्डर पर लगे कैमरों की फुटेज की जांच की। यहां से संदिग्ध कैब का रजिस्ट्रेशन नंबर मिल गया।
पुलिस ने जब वाहन के मालिकाना हक की जानकारी जुटाई तो पता चला कि कार ट्रू वैल्यू के माध्यम से किसी दूसरे व्यक्ति को बेची जा चुकी है। इसके बाद पुलिस ने बीमा कंपनी की मदद से नए मालिक का मोबाइल नंबर हासिल किया और तकनीकी जांच के जरिए वाहन से जुड़े पुराने रिकॉर्ड खंगाले।
इसी जांच के आधार पर पुलिस आरोपी यादवेंद्र तक पहुंच गई और उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर महिला के दोनों चोरी हुए लैपटॉप बरामद कर लिए गए। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।




