ग्रेटर नोएडा। बीटा-2 थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। हादसा अवध ग्रीन कट के सामने हुआ, जब दोनों युवक नवादा गोलचक्कर से डोमिनोज गोलचक्कर की ओर जा रहे थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
मृतकों की पहचान सचिन (19) निवासी हमीरपुर (वर्तमान पता गांव ऐच्छर) और मनीष (19) निवासी हमीरपुर (वर्तमान पता ओमिक्रोन) के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही बीटा-2 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई शुरू की। गुरुवार दोपहर दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
पुलिस ने हादसे में शामिल कार को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। साथ ही दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है, जिसमें कार की रफ्तार और हादसे की परिस्थितियों का पता लगाया जाएगा। घटना की सूचना मृतकों के परिजनों को दे दी गई है, जिसके बाद दोनों परिवारों में शोक का माहौल है।




