गुरुग्राम। NEET (UG) पेपर लीक मामले में राजस्थान स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) ने गुरुग्राम के फर्रुखनगर स्थित खुरमपुर गांव से BAMS के प्रथम वर्ष के छात्र यश को हिरासत में लिया है। जांच एजेंसियों को शक है कि वह पेपर लीक नेटवर्क का हिस्सा था और मुख्य गिरोह व परीक्षार्थियों के बीच कड़ी के रूप में काम कर रहा था। यश सीकर में रहकर कोचिंग कर चुका है और वहीं से उसके नेटवर्क से जुड़ने की आशंका जताई जा रही है। SOG टीम ने तकनीकी इनपुट और गुप्त सूचना के आधार पर मंगलवार रात उसके घर पर दबिश दी और पूछताछ के बाद उसे राजस्थान ले गई। जांच में सामने आया है कि परीक्षा से पहले प्रश्नपत्र और उसके जवाब कुछ लोगों तक पहुंचाए गए थे। सूत्रों के मुताबिक, संदिग्धों ने पेपर को सीधे बेचने के बजाय ‘गेस पेपर’ के नाम पर 10 से 15 लाख रुपए तक में डील की थी, जिसमें बायोलॉजी और केमिस्ट्री के असली सवाल शामिल बताए जा रहे हैं। एजेंसियां अब आरोपी के बैंक खातों, मोबाइल कॉल डिटेल और संपर्कों की जांच कर रही हैं। पेपर लीक विवाद के बाद NTA ने 12 मई को होने वाली NEET परीक्षा रद्द कर दी थी और पूरे मामले की जांच CBI को सौंप दी गई है।
NEET पेपर लीक केस में BAMS छात्र हिरासत में, 15 लाख में बेचे गए सवालों का शक




