फरीदाबाद। नेशनल हाईवे-19 पर सराय टोल प्लाजा के पास बुधवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा टल गया, जब तेज रफ्तार मारुति सुजुकी सिआज कार पीछे से यूपी रोडवेज बस में जा घुसी। हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। बस चालक संजय के मुताबिक, वह मध्यप्रदेश के बागेश्वर धाम से यात्रियों को लेकर सराय काले खां, दिल्ली जा रहे थे। सुबह करीब 4 बजे टोल प्लाजा के पास बस की रफ्तार धीमी करते ही पीछे से आई कार ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि कार का अगला हिस्सा बस के नीचे फंस गया और एयरबैग खुल गए। कार में केवल चालक मौजूद था, जबकि बस में करीब 35 यात्री सवार थे। एहतियात के तौर पर सभी यात्रियों को सुरक्षित बस से उतारकर दूसरे साधनों से रवाना किया गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
फरीदाबाद में बड़ा हादसा टला, तेज रफ्तार कार यूपी रोडवेज बस में घुसी




