मीराबाई की गोल्डन हैट्रिक, भारत को मिला पहला स्वर्ण पदक

Must read

नई दिल्ली। भारत की स्टार वेटलिफ्टर मीराबाई चानू ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में देश को पहला गोल्ड मेडल दिलाया। उन्होंने महिलाओं के 48 किलोग्राम वर्ग में कुल 190 किलोग्राम (85 किलोग्राम स्नैच + 105 किलोग्राम क्लीन एंड जर्क) वजन उठाकर नया कॉमनवेल्थ गेम्स रिकॉर्ड बनाया और स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इसके साथ ही उन्होंने लगातार तीसरी बार कॉमनवेल्थ गेम्स में गोल्ड जीतने की उपलब्धि हासिल की। इससे पहले वह 2018 के गोल्ड कोस्ट और 2022 के बर्मिंघम खेलों में भी चैंपियन रही थीं।

भारत के खाते में अब कुल चार पदक हो गए हैं, जिनमें एक गोल्ड, दो सिल्वर और एक ब्रॉन्ज शामिल है। रविवार को ऋषिकांत सिंह ने पुरुषों के 60 किलोग्राम वर्ग में 264 किलोग्राम (121+143) वजन उठाकर और राजा मुथुपांडी ने 65 किलोग्राम वर्ग में 289 किलोग्राम वजन उठाकर रजत पदक जीता। वहीं, शुक्रवार को झंडू कुमार ने पैरा पावरलिफ्टिंग में ब्रॉन्ज जीतकर भारत का पदक खाता खोला था। इन प्रदर्शन के दम पर भारत पदक तालिका में सातवें स्थान पर पहुंच गया है, जबकि ऑस्ट्रेलिया 12 गोल्ड समेत 24 पदकों के साथ शीर्ष पर बना हुआ है।

टोक्यो ओलिंपिक की सिल्वर मेडलिस्ट मीराबाई स्नैच के पहले प्रयास में 82 किलोग्राम वजन नहीं उठा सकीं, लेकिन दूसरे प्रयास में 82 और तीसरे प्रयास में 85 किलोग्राम वजन उठाकर नया गेम्स रिकॉर्ड बनाया। इसके बाद क्लीन एंड जर्क के पहले प्रयास में असफल रहने के बावजूद दूसरे प्रयास में 105 किलोग्राम वजन उठाकर उन्होंने स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया।

ऋषिकांत सिंह का यह दूसरा कॉमनवेल्थ गेम्स है। इससे पहले उन्होंने बर्मिंघम 2022 में 55 किलोग्राम वर्ग में भारत का प्रतिनिधित्व किया था और वह मौजूदा कॉमनवेल्थ वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप के चैंपियन भी हैं। उनके शुरुआती कोच ब्रोजेंद्रो सिंह के अनुसार, ऋषिकांत ने 2009 में मणिपुर स्पोर्ट्स अकादमी से वेटलिफ्टिंग की शुरुआत की थी। बाद में उनका चयन स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (SAI) में हुआ, जिसके बाद उन्होंने भारतीय नौसेना और फिर भारतीय सेना के स्पोर्ट्स सेटअप में प्रशिक्षण लिया। वह मणिपुर के इंफाल वेस्ट के रहने वाले हैं।

कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत को वेटलिफ्टिंग के लिए 11 कोटा मिले हैं। डोपिंग रोधी नियमों (ADRV) के कई उल्लंघनों के कारण यह संख्या 16 से घटाकर 11 कर दी गई। वहीं, पीठ की चोट के चलते वेटलिफ्टर दिलबाग सिंह टीम में जगह नहीं बना सके। इससे पहले बर्मिंघम 2022 कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत ने वेटलिफ्टिंग में 10 पदक जीते थे, जिनमें तीन गोल्ड, तीन सिल्वर और चार ब्रॉन्ज शामिल थे।

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

Latest article