नर्मदा की तेज धारा में बहा युवक, परिवार के सामने हुआ दर्दनाक हादसा

Must read

महेश्वर। खरगोन जिले के महेश्वर स्थित सहस्त्रधारा घाट पर इंदौर के 30 वर्षीय अर्पित हाड़ा नर्मदा नदी की तेज धारा में बह गए। हादसा रविवार शाम करीब 5 बजे हुआ। घटना के दौरान उनकी पत्नी और भाई मदद के लिए गुहार लगाते रहे, लेकिन कुछ ही सेकेंड में अर्पित तेज बहाव में ओझल हो गए। सूचना मिलने पर रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और देर रात तक तलाश जारी रही, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका। अब सोमवार सुबह दोबारा सर्च ऑपरेशन शुरू किया जाएगा। घटना का वीडियो भी सामने आया है।

अर्पित हाड़ा इंदौर के निपानिया क्षेत्र के रहने वाले थे। वह परिवार के पांच सदस्यों के साथ महेश्वर और आसपास के पर्यटन स्थलों की सैर पर आए थे। महेश्वर दर्शन के बाद शाम करीब 4 से 5 बजे के बीच वे जलकोटी स्थित सहस्त्रधारा पहुंचे। नर्मदा में स्नान के दौरान उनका पैर फिसल गया, जिससे वे गहरे पानी और तेज बहाव की चपेट में आ गए।

अर्पित को बहते देख उनकी पत्नी और भाई ने शोर मचाकर लोगों से मदद मांगी। मौके पर मौजूद नाविक, ग्रामीण और अन्य पर्यटक तुरंत पहुंचे, लेकिन तेज धारा, गहरे पानी और पथरीले क्षेत्र के कारण कोई भी नदी में उतरने का साहस नहीं कर सका। देखते ही देखते अर्पित नदी की धारा में लापता हो गए।

सूचना मिलते ही महेश्वर पुलिस, होमगार्ड की रेस्क्यू टीम और स्थानीय गोताखोरों ने नर्मदा के विभिन्न हिस्सों में खोजबीन शुरू की। अंधेरा होने के कारण देर रात अभियान रोकना पड़ा। थाना प्रभारी जगदीश गोयल ने बताया कि सोमवार सुबह 6 बजे से फिर सर्च ऑपरेशन चलाया जाएगा। उन्होंने पर्यटकों और श्रद्धालुओं से अपील की है कि जलकोटी-सहस्त्रधारा जैसे तेज बहाव, गहरे पानी और पथरीले क्षेत्रों में स्नान करने से बचें।

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

Latest article