खिलाड़ियों को बड़ी राहत: अब 50 रुपये रोजाना नहीं, 210 रुपये सालाना शुल्क में करेंगे अभ्यास

Must read

ग्रेटर नोएडा, 10 अगस्त। शहीद विजय सिंह पथिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं की तैयारी करने वाले खिलाड़ियों को बड़ी राहत मिलने जा रही है। जिला खेल विकास एवं प्रोत्साहन समिति ने ग्रेटर नोएडा स्थित शहीद विजय सिंह पथिक स्पोर्ट्स स्टेडियम को आमजन और खिलाड़ियों के लिए खोलने का निर्णय लिया है। इसके साथ ही खिलाड़ियों को अभ्यास के लिए रोजाना 50 रुपये शुल्क देने की व्यवस्था से भी राहत मिलेगी।

नई व्यवस्था के तहत 18 वर्ष से कम उम्र के खिलाड़ियों को 210 रुपये वार्षिक, जबकि 18 वर्ष से अधिक उम्र के खिलाड़ियों को 310 रुपये वार्षिक शुल्क देकर स्टेडियम की विभिन्न खेल सुविधाओं में अभ्यास करने का अवसर मिलेगा। इससे खिलाड़ियों पर आर्थिक बोझ कम होगा और उन्हें नियमित रूप से बेहतर सुविधाओं के बीच प्रशिक्षण लेने का मौका मिलेगा।

निजी मैदानों और दूसरे जिलों पर निर्भरता होगी कम

जिले के कई खिलाड़ी अब तक अभ्यास के लिए निजी मैदानों या सीमित संसाधनों पर निर्भर रहने को मजबूर थे। बेहतर प्रशिक्षण और सुविधाओं के लिए कुछ खिलाड़ियों को दिल्ली सहित आसपास के जिलों और राज्यों का रुख करना पड़ता था। ऐसे में स्टेडियम में कम वार्षिक शुल्क पर अभ्यास की सुविधा मिलने से खिलाड़ियों की परेशानी कम होने की उम्मीद है।

खिलाड़ियों का कहना है कि किसी भी खेल में सफलता के लिए नियमित अभ्यास, प्रशिक्षित कोच और बेहतर खेल सुविधाएं बेहद जरूरी हैं। स्टेडियम में नियमित अभ्यास का अवसर मिलने से जिले की प्रतिभाओं को अपनी क्षमता निखारने में मदद मिलेगी। इससे भविष्य में अधिक खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्तर प्रदेश और देश का प्रतिनिधित्व कर सकेंगे।

खेल संस्कृति को मिलेगा बढ़ावा

कोच अमित भाटी ने जिला खेल विकास एवं प्रोत्साहन समिति के फैसले को खेल संस्कृति को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने उम्मीद जताई कि स्टेडियम के नियमित संचालन और बेहतर प्रबंधन से गौतमबुद्ध नगर में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के बेहतर अवसर मिलेंगे।

उन्होंने कहा कि यदि खिलाड़ियों को लगातार अच्छी सुविधाएं और अभ्यास का उचित माहौल मिलता रहा तो आने वाले वर्षों में गौतमबुद्ध नगर राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि कॉमनवेल्थ गेम्स, ओलंपिक और अन्य अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी अपनी अलग पहचान बना सकता है।

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

Latest article