नई दिल्ली। दलीप ट्रॉफी 2026-27 के लिए ईस्ट जोन की 15 सदस्यीय टीम घोषित कर दी गई है। विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन को टीम की कमान सौंपी गई है, जबकि 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी को उप-कप्तान बनाया गया है। अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी और मुकेश कुमार को भी टीम में शामिल किया गया है। हालांकि चोट के कारण रियान पराग और आकाश दीप का चयन नहीं हो सका। टूर्नामेंट की शुरुआत 23 अगस्त से होगी।
वैभव सूर्यवंशी ने हाल के महीनों में शानदार प्रदर्शन से लगातार अपनी पहचान मजबूत की है। उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ टी-20 इंटरनेशनल में पदार्पण किया और इसके बाद जिम्बाब्वे दौरे के तीसरे टी-20 में 49 गेंदों पर 81 रन की मैच जिताऊ पारी खेली। पूरी सीरीज में 181 रन बनाने पर उन्हें प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया और वह यह सम्मान पाने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बने। इससे पहले अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ 175 रन की पारी खेलकर भारत को चैंपियन बनाया था। IPL 2026 के एलिमिनेटर में 97 और क्वालिफायर-2 में 96 रन की अहम पारियां खेलने के अलावा उन्होंने पिछले महीने श्रीलंका में इंडिया-ए की ओर से ट्राई सीरीज फाइनल में भी 94 रन बनाए थे। अब तक आठ फर्स्ट क्लास मैचों में उनके नाम 207 रन हैं, जिसमें 93 रन उनका सर्वोच्च स्कोर है।
टीम में वैभव के साथ अनुभवी बल्लेबाज अभिमन्यु ईश्वरन पारी की शुरुआत कर सकते हैं। झारखंड के शिखर मोहन को रिजर्व ओपनर के रूप में जगह मिली है। ईशान किशन मुख्य विकेटकीपर होंगे, जबकि कुमार कुशाग्र दूसरे विकेटकीपर की भूमिका निभाएंगे। झारखंड के विराट सिंह, अनुकूल रॉय और शिखर मोहन भी टीम का हिस्सा हैं। अनुकूल रॉय हाल ही में श्रीलंका में ट्राई सीरीज जीतने वाली इंडिया-ए टीम में शामिल थे।
गेंदबाजी विभाग की अगुआई मोहम्मद शमी करेंगे। उनके साथ मुकेश कुमार और सूरज सिंधु जायसवाल तेज गेंदबाजी की जिम्मेदारी संभालेंगे, जबकि शाहबाज अहमद स्पिन ऑलराउंडर के रूप में टीम में शामिल हैं। त्रिपुरा के अभिजीत सरकार अपनी राज्य टीम से चुने जाने वाले इकलौते खिलाड़ी हैं। ईस्ट जोन की टीम में ईशान किशन (कप्तान), वैभव सूर्यवंशी (उप-कप्तान), अभिमन्यु ईश्वरन, सुदीप कुमार घरामी, मोहम्मद शमी, मुकेश कुमार, शाहबाज अहमद, सूरज सिंधु जायसवाल, विराट सिंह, कुमार कुशाग्र, शिखर मोहन, सुभ्रांशु सेनापति, अभिजीत सरकार, अनुकूल रॉय और डेनिश दास शामिल हैं।




