गाजियाबाद में पति ने पत्नी को पीट-पीटकर मार डाला, भाई को वीडियो कॉल कर दिखाई हालत

Must read

गाजियाबाद: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से घरेलू हिंसा और हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मधुबन बापूधाम थाना क्षेत्र के सदरपुर में एक महिला की कथित तौर पर उसके पति ने बेरहमी से पिटाई कर दी। गंभीर रूप से घायल महिला को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के मुताबिक, महिला के सिर पर किसी भारी वस्तु से वार किए जाने की बात सामने आई है।

मृतका की पहचान 33 वर्षीय रेनू के रूप में हुई है। मायके वालों ने उसके पति अरुण पर हत्या का आरोप लगाया है। परिजनों का दावा है कि अरुण शराब पीने का आदी था और आए दिन रेनू के साथ मारपीट करता था।

मारपीट के बीच भाई को किया वीडियो कॉल

परिजनों के अनुसार, रविवार को भी पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि इस दौरान अरुण ने रेनू के साथ जमकर मारपीट की। इसके बाद उसने रेनू के भाई राहुल राठी को वीडियो कॉल किया और फोन पर उसकी हालत दिखाई।

बताया जा रहा है कि वीडियो कॉल के दौरान अरुण ने कथित तौर पर राहुल से कहा कि वह रेनू को बुरी तरह पीट चुका है और उसे आकर ले जाए। बहन की हालत देखकर राहुल अपने परिवार के अन्य सदस्यों के साथ तुरंत गाजियाबाद के सदरपुर के लिए रवाना हो गया।

घर पहुंचा मायका पक्ष, दरवाजे पर मिला ताला

राहुल और उसके परिजन जब सदरपुर स्थित घर पहुंचे तो वहां ताला लगा हुआ था। काफी तलाश के बाद पड़ोसियों से जानकारी मिली कि रेनू को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है।

इसके बाद मायके वाले संजय नगर स्थित संयुक्त जिला अस्पताल पहुंचे। वहां उन्हें पता चला कि रेनू को गंभीर हालत में अस्पताल लाया गया था। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

अस्पताल पहुंचने से पहले ससुराल पक्ष के लोग गायब

परिजनों का आरोप है कि रेनू की मौत के बाद उसके ससुराल पक्ष के लोग अस्पताल से निकल गए। राहुल ने इस मामले में पति अरुण समेत अन्य ससुरालियों के खिलाफ पुलिस से शिकायत की है।

मायके पक्ष का आरोप है कि रेनू को लंबे समय से घरेलू हिंसा का सामना करना पड़ रहा था। परिवार का कहना है कि अगर समय रहते कार्रवाई होती तो शायद उसकी जान बच सकती थी।

15 साल पहले हुई थी शादी, दो बेटों के सिर से उठा मां का साया

रेनू मूल रूप से अलीगढ़ के पिसावा थाना क्षेत्र के जलालपुर गांव की रहने वाली थी। करीब 15 वर्ष पहले उसकी शादी सदरपुर निवासी अरुण से हुई थी। दंपती के दो बेटे हैं, जिनकी उम्र करीब 12 और 9 वर्ष बताई जा रही है। अरुण एक फैक्ट्री में काम करता है।

मां की मौत के बाद दोनों बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।

पति की तलाश में जुटी पुलिस

डीसीपी सिटी धवल जायसवाल ने बताया कि महिला की मौत के मामले में पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है। आरोपी पति अरुण की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

फिलहाल पुलिस घटनास्थल और अस्पताल से जुड़े साक्ष्यों को जुटाने के साथ ही परिजनों और पड़ोसियों से पूछताछ कर रही है। हत्या के पीछे की पूरी वजह और घटना के दौरान वास्तव में क्या हुआ, इसका पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

Latest article