ग्रेटर नोएडा। बीटा-2 थाना पुलिस ने शनिवार देर शाम बाबा गोल चक्कर के पास मुठभेड़ के दौरान महिलाओं से चेन लूटने वाले एक शातिर बदमाश को घायल कर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, चेकिंग के दौरान संदिग्ध मोटरसाइकिल सवारों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में राजेंद्र उर्फ लल्लू उर्फ लीलू के पैर में गोली लगी, जबकि उसका एक साथी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस कॉम्बिंग अभियान चला रही है। घायल आरोपी मूल रूप से गोरखपुर का निवासी है और वर्तमान में कासना के साइट-5 क्षेत्र में रह रहा था। उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा, कारतूस, कासना क्षेत्र से चोरी की गई अपाचे मोटरसाइकिल, लूटी गई सोने की चेन और तीन स्नैच किए गए मोबाइल फोन बरामद हुए हैं। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी महिलाओं को निशाना बनाकर चेन स्नैचिंग और राहगीरों से हथियार के बल पर लूटपाट करता था। 5 जून को भी उसने एक महिला से चेन लूटी थी। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक उसके खिलाफ गौतमबुद्धनगर के विभिन्न थानों में लूट, चोरी, जानलेवा हमला और आर्म्स एक्ट समेत लगभग 28 गंभीर मामले दर्ज हैं। घायल बदमाश को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उसके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
ग्रेटर नोएडा में मुठभेड़ के बाद चेन स्नैचर गिरफ्तार, पैर में गोली लगी; 28 से ज्यादा केस दर्ज




