ग्वालियर। डबरा के आदित्यपुरम क्षेत्र में 49 लाख रुपए के सोने और नकदी की कथित लूट का पुलिस ने महज दो दिन में खुलासा कर दिया है। जांच में सामने आया कि जिस गर्भवती महिला को पीड़ित माना जा रहा था, वही अपनी ननद के घर हुई इस फर्जी लूट की मास्टरमाइंड निकली। पुलिस के अनुसार, पिंकी श्रीवास्तव ने अपने पति शुभम श्रीवास्तव और उसके दोस्तों सोनू जाटव व आसिफ खान के साथ मिलकर पूरी साजिश रची थी। पिंकी ने करीब 15 दिन पहले ननद मोनिका की अलमारी में रखे लाखों रुपए के जेवर और नकदी देखे थे, जिसके बाद उसने क्राइम पेट्रोल जैसे टीवी शो देखकर लूट की योजना बनाई। 4 जून को मोनिका और उसके बच्चे घर से बाहर थे, तभी पिंकी ने खुद दरवाजा खोलकर पति और उसके साथी को अंदर बुलाया। आरोपियों ने अलमारी तोड़कर करीब 46 लाख रुपए के जेवर और 2.50 लाख रुपए नकद निकाल लिए। घटना को असली दिखाने के लिए पिंकी के हाथ-पैर बांधे गए, माथे पर कांच से हल्की चोट पहुंचाई गई और आरोपी जानबूझकर CCTV कैमरे में नजर आए। पुलिस ने तकनीकी जांच और फुटेज के आधार पर पूरी साजिश का पर्दाफाश कर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया तथा लगभग 50 लाख रुपए का चोरी गया माल बरामद कर लिया। एसएसपी धर्मवीर सिंह ने बताया कि लालच में आकर भाई, गर्भवती भाभी और उनके साथियों ने इस सनसनीखेज फर्जी लूटकांड को अंजाम दिया था।
ग्वालियर में 49 लाख की लूट का खुलासा: गर्भवती भाभी निकली मास्टरमाइंड, पति और दोस्तों संग रची थी साजिश




