गाजियाबाद। लोनी क्षेत्र के चर्चित दूध व्यापारी ओंकार हत्याकांड में पुलिस ने 50 हजार रुपए के इनामी आरोपी गौरव को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने फायरिंग कर भागने की कोशिश की, जिसके जवाब में हुई कार्रवाई में उसके पैर में गोली लग गई। घायल गौरव ने पूछताछ में कबूल किया कि 30 मई को उसने अपने साथियों के साथ मिलकर ओंकार की गोली मारकर हत्या की थी और शव को कार में ले जाकर मेरठ के रोहटा क्षेत्र के पास गंगनहर में फेंक दिया था। आरोपी ने बताया कि 29 मई को हुई पंचायत में ओंकार द्वारा उसके साथियों के साथ मारपीट किए जाने का बदला लेने के लिए हत्या की साजिश रची गई थी। 30 मई की सुबह आरोपियों ने निठोरा अंडरपास के पास ओंकार की बाइक रोककर उस पर गोलियां बरसाईं और शव को कार की डिग्गी में डालकर नहर में फेंक दिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक तमंचा और बाइक बरामद की है। इससे पहले एक अन्य 50 हजार के इनामी आरोपी मोहित को भी गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। मामले में अब तक 22 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि पुलिस की टीमें बागपत और आसपास के क्षेत्रों में ओंकार के शव की तलाश में सर्च अभियान चला रही हैं।
गाजियाबाद में दूध व्यापारी ओंकार हत्याकांड का खुलासा, 50 हजार का इनामी बदमाश मुठभेड़ में गिरफ्तार




