गुरुग्राम। एमजी रोड मेट्रो स्टेशन पर 22 वर्षीय युवती की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। मृतका की पहचान दिल्ली के आयानगर निवासी वर्षा के रूप में हुई है, जो स्टेशन के पास स्थित एक निजी कंपनी में काम करती थी। घटना रात करीब साढ़े 9 बजे की बताई जा रही है, जब युवती ने दिल्ली की ओर जा रही मेट्रो के सामने छलांग लगा दी। हादसे के बाद संबंधित ट्रैक पर मेट्रो सेवा करीब आधे घंटे तक प्रभावित रही, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना मिलने पर पुलिस और मेट्रो स्टाफ मौके पर पहुंचे तथा स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज की जांच की। शुरुआती जांच में घटना के कारणों का पता नहीं चल सका है और कोई सुसाइड नोट भी बरामद नहीं हुआ। पुलिस के अनुसार, परिजनों को सीसीटीवी फुटेज दिखाए गए, जिसके बाद उन्होंने किसी प्रकार की शिकायत या कानूनी कार्रवाई से इनकार करते हुए इसे हादसा माना। आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया।
मेट्रो के आगे कूदी युवती, आधे घंटे तक प्रभावित रही रेल सेवा




