नई दिल्ली। भारतीय अंडर-18 पुरुष हॉकी टीम ने जापान के काकामिगाहारा में खेले गए एशिया कप सेमीफाइनल में पाकिस्तान को 5-3 से हराकर फाइनल में प्रवेश कर लिया। भारत की जीत के नायक आशीष तानी पुर्ति रहे, जिन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 गोल दागे, जिनमें आखिरी क्वार्टर में की गई हैट्रिक भी शामिल है। तीसरे क्वार्टर तक भारतीय टीम 2-3 से पीछे चल रही थी, लेकिन अंतिम 15 मिनट में आक्रामक खेल दिखाते हुए लगातार तीन गोल कर मैच अपने नाम कर लिया। भारत के लिए पहला गोल 12वें मिनट में पेनल्टी स्ट्रोक पर आशीष ने किया, जबकि शाहरुख अली ने भी एक गोल दागा। पाकिस्तान ने दूसरे और तीसरे क्वार्टर में बढ़त बना ली थी, लेकिन चौथे क्वार्टर में मिले पेनल्टी कॉर्नर भारत के लिए निर्णायक साबित हुए। इस जीत के साथ भारत अब शनिवार को फाइनल में जापान से भिड़ेगा। टूर्नामेंट में भारत की यह चौथी जीत है, जबकि उसे अब तक केवल जापान के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा है।
भारत ने पाकिस्तान को 5-3 से हराकर U-18 हॉकी एशिया कप के फाइनल में बनाई जगह




