नई दिल्ली। ईस्ट दिल्ली के न्यू अशोक नगर थाना क्षेत्र में शिवाजी कॉलेज की असिस्टेंट प्रोफेसर देवोस्मिता पॉल (45) की घर में घुसकर हत्या कर दी गई। उनका शव वसुंधरा एन्क्लेव स्थित सत्यम अपार्टमेंट के एक फ्लैट में मिला। पुलिस के अनुसार महिला के सिर पर किसी भारी वस्तु से हमला किया गया, जिससे उनकी मौत हुई। घटना का पता तब चला जब उनकी बहन देवरती पॉल ने कई बार फोन करने के बावजूद जवाब नहीं मिलने पर फ्लैट पहुंचकर देखा। फ्लैट का दरवाजा बाहर से बंद था। अनहोनी की आशंका पर ताला तोड़कर अंदर जाने पर देवोस्मिता मृत अवस्था में मिलीं। सूचना मिलते ही पुलिस, क्राइम टीम और फोरेंसिक विशेषज्ञ मौके पर पहुंचे और साक्ष्य जुटाए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है और सभी पहलुओं से मामले की जांच की जा रही है।
घर में घुसकर महिला असिस्टेंट प्रोफेसर की हत्या, फ्लैट में मिला शव




