ग्वालियर। 21 वर्षीय युवती को शादी और प्यार के झांसे में फंसाकर ब्लैकमेलिंग, अंधविश्वास और ठगी का शिकार बनाने का मामला सामने आया है। पीड़िता के पिता की मौत के बाद आरोपी आदित्य सिंह तोमर ने इंस्टाग्राम के जरिए उससे दोस्ती की और शादी का वादा कर संबंध बनाए। बाद में वह युवती को आर्यन सोनी के टैटू स्टूडियो ले गया, जहां कथित तौर पर उसकी सहमति के बिना आपत्तिजनक वीडियो बना लिए गए। इसके बाद वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उससे करीब 2 लाख रुपए वसूले गए। परेशान युवती ने परिचित आयुषी चौहान से मदद मांगी, जिसने खुद को तांत्रिक और एस्ट्रोलॉजर बताकर पुलिस से मदद दिलाने और वीडियो डिलीट कराने का भरोसा दिया। आयुषी और आकाश चौहान ने पहले 1.50 लाख रुपए लिए, फिर पश्चिम बंगाल के तारापीठ मंदिर में तांत्रिक क्रिया कराने के नाम पर बैंक और नकद के जरिए करीब 60 लाख रुपए ऐंठ लिए। जब युवती पूरी तरह आर्थिक रूप से टूट गई, तब आरोपियों ने उसके माता-पिता के गहने भी नहीं छोड़े। आयुषी उसे गोल्ड फाइनेंस कंपनी ले गई, जहां 450 ग्राम सोना गिरवी रखकर 35 लाख रुपए का गोल्ड लोन लिया गया और पूरी रकम आयुषी के खाते में ट्रांसफर कर दी गई। मामले में पुलिस जांच जारी है।
ब्लैकमेल, तंत्र-मंत्र और ठगी का जाल, युवती से करोड़ों की उगाही




