फरीदाबाद में 13 साल की छात्रा से गैंगरेप का आरोप, खंडहर इमारत में ले गए आरोपी; नाबालिग दोस्त से भी यौन हिंसा

Must read

फरीदाबाद: दक्षिणी दिल्ली के आस्था कुंज पार्क में सामने आई घटना जैसी एक गंभीर वारदात फरीदाबाद में सामने आई है। आरोप है कि ट्यूशन से लौट रही 13 वर्षीय छात्रा अपने नाबालिग दोस्त के साथ घूमने निकली थी, तभी कुछ युवकों ने दोनों को घेर लिया। आरोपियों ने छात्रा और उसके दोस्त को धमकाकर पास की एक खंडहर इमारत में ले गए। वहां तीसरी मंजिल पर छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म किए जाने का आरोप है।

मामला सामने आने के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, घटना 24 अगस्त की है। बताया जा रहा है कि वारदात के बाद दोनों बच्चे इतने डरे हुए थे कि उन्होंने कई दिनों तक परिवार को कुछ नहीं बताया।

मां के पूछने पर सामने आई पूरी घटना

परिवार को घटना की जानकारी तब हुई जब छात्रा की मां ने उससे बातचीत कर उसकी परेशानी जानने की कोशिश की। इसके बाद छात्रा ने कथित तौर पर पूरी घटना मां को बताई। बेटी की बात सुनकर परिवार ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर बीपीटीपी थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

ट्यूशन के बाद दोस्त के साथ निकली थी छात्रा

पुलिस के मुताबिक, 24 अगस्त की शाम छात्रा स्कूटी से ट्यूशन गई थी। ट्यूशन खत्म होने के बाद उसके नाबालिग दोस्त का फोन आया। दोनों ने कुछ देर साथ घूमने का फैसला किया। छात्रा ने रास्ते में अपने दोस्त को स्कूटी पर बैठा लिया।

दोनों एक खंडहरनुमा इमारत के पास पहुंचे और स्कूटी खड़ी करने के बाद वहां सड़क पर घूम रहे थे। इसी दौरान कथित तौर पर छह युवक वहां पहुंच गए।

पहले डराया, फिर इमारत की तीसरी मंजिल पर ले गए

आरोप है कि युवकों ने छात्रा और उसके दोस्त को धमकाकर उनसे पैसे मांगे। दोनों ने पैसे नहीं होने की बात कही। इसके बाद आरोपियों ने कथित तौर पर दोनों को अपने कब्जे में ले लिया।

पुलिस के अनुसार, दो युवक नीचे मौजूद रहे, जबकि चार आरोपी छात्रा और उसके दोस्त को खंडहर इमारत की तीसरी मंजिल पर ले गए। आरोप है कि वहां एक युवक दरवाजे के पास निगरानी करता रहा और तीन अन्य युवकों ने छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।

इसके बाद छात्रा के नाबालिग दोस्त के साथ भी यौन हिंसा किए जाने का आरोप है।

वारदात के बाद दी धमकी

आरोप है कि घटना के बाद युवकों ने दोनों बच्चों को धमकाया और उन्हें नीचे लेकर आए। इसके बाद उनकी स्कूटी की चाबी वापस कर दी गई और उन्हें सीधे घर जाने के लिए कहा गया।

आरोपियों ने दोनों को घटना के बारे में किसी को बताने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी। इसी डर के कारण दोनों ने तत्काल परिवार को घटना की जानकारी नहीं दी।

तीन संदिग्ध हिरासत में

छात्रा ने पुलिस को बताया कि आरोपियों में शामिल एक युवक को उसके साथी कुणाल नाम से पुकार रहे थे। पुलिस अब आरोपी युवकों की पहचान और घटना में उनकी भूमिका की जांच कर रही है।

बीपीटीपी थाना प्रभारी प्रदीप कुमार के मुताबिक, मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और तीन युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

Latest article