गाजियाबाद में पुलिस मुठभेड़: चेन-मोबाइल स्नैचर के पैर में लगी गोली, एक दर्जन से ज्यादा केस दर्ज

Must read

गाजियाबाद: इंदिरापुरम इलाके में बुधवार देर रात पुलिस और एक संदिग्ध बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस के मुताबिक, चेकिंग के दौरान बाइक सवार आरोपी ने रोकने की कोशिश पर भागने के साथ पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी और उसे मौके से दबोच लिया गया। घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के अनुसार, इंदिरापुरम थाना पुलिस की टीम बुधवार देर रात 5/6 पुलिया रोड पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान कनावनी पुलिया की ओर से एक युवक बाइक पर आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन वह बाइक मोड़कर मौके से भागने लगा।

आरोप है कि पुलिस से बचने के दौरान युवक ने टीम पर गोली चला दी। पुलिसकर्मियों ने अपनी सुरक्षा में जवाबी फायरिंग की। इस दौरान गोली आरोपी के पैर में लगी और वह घायल होकर बाइक से नीचे गिर गया। पुलिस ने उसे तुरंत हिरासत में लिया और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।

घायल आरोपी की पहचान मुनासिर उर्फ मुनाजिर, निवासी गरिमा गार्डन, साहिबाबाद के रूप में हुई है। उसकी उम्र करीब 23 साल बताई गई है। एसीपी सूर्यबली मौर्य के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

पूछताछ में सामने आया स्नैचिंग का नेटवर्क

पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर चेन और मोबाइल स्नैचिंग की कई वारदातों में शामिल होने की बात बताई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी दिल्ली-एनसीआर और गाजियाबाद के अलग-अलग इलाकों में राहगीरों को निशाना बनाता था।

जांच में यह भी सामने आया कि करीब दो सप्ताह पहले इंदिरापुरम इलाके में हुई चेन स्नैचिंग की एक वारदात में भी आरोपी की भूमिका बताई जा रही है। पुलिस अब उससे पूछताछ कर अन्य घटनाओं के बारे में जानकारी जुटा रही है।

तमंचा, कारतूस और चोरी की बाइक बरामद

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस, चोरी की टीवीएस बाइक और पीली धातु का एक टुकड़ा बरामद किया है। पुलिस बरामद सामान को पूर्व की वारदातों से जोड़कर भी जांच कर रही है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। दिल्ली-एनसीआर में उसके खिलाफ लूट, स्नैचिंग, चोरी और आर्म्स एक्ट समेत एक दर्जन से ज्यादा मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।

फिलहाल इंदिरापुरम थाना पुलिस आरोपी के पुराने आपराधिक मामलों की जानकारी जुटाने के साथ-साथ यह भी पता लगा रही है कि उसने किन-किन वारदातों को अंजाम दिया और उसके साथ इस नेटवर्क में और कौन लोग जुड़े हुए हैं।

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

Latest article