ग्रेटर नोएडा। हाईवे पर हवाई फायरिंग कर दहशत फैलाने वाले तीन बदमाशों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम पर भी फायरिंग की, लेकिन घेराबंदी कर उन्हें दबोच लिया गया, जबकि दो आरोपी फरार हो गए। एडीसीपी सेंट्रल नोएडा स्वतंत्र सिंह ने बताया कि 15 जून को जीटी रोड पर आगे चल रही कार के चालक को डराने और मौज-मस्ती के लिए मुख्य आरोपी राहुल ने हवाई फायरिंग की थी, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। वायरल वीडियो और कार नंबर के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की और एनटीपीसी रोड पर चेकिंग के दौरान संदिग्ध टोयोटा ग्लैंजा कार को रोकने का प्रयास किया। इस दौरान बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने साकीपुर निवासी राहुल, बड़पुरा निवासी नीटू उर्फ कुलदीप और बुलंदशहर निवासी मनोज उर्फ गुड्डू को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त कार, 6 अवैध देसी तमंचे, 2 पिस्टल और 160 जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी अवैध हथियारों के दम पर इलाके में रौब जमाते थे। फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।
हाईवे पर हवाई फायरिंग कर दहशत फैलाने वाले तीन बदमाश गिरफ्तार, पुलिस पर भी की फायरिंग




