गाजियाबाद। मोदीनगर के किदवई नगर कॉलोनी में 20 वर्षीय युवती ने फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। परिजनों का आरोप है कि मोहम्मद समीर नामक युवक ने शादी का झांसा देकर एक साल तक युवती का शारीरिक शोषण किया और उसके जेवरात भी हड़प लिए। परिवार के अनुसार, 14 जून को शिकायत करने पर समीर और उसके परिजन घर पहुंचे और कथित तौर पर युवती को अपमानित करते हुए शादी से इनकार कर दिया। इसके बाद युवती मानसिक तनाव में आ गई। बुधवार सुबह उसका शव घर में फंदे से लटका मिला। शाम को पोस्टमॉर्टम के बाद शव घर पहुंचने पर परिजनों ने हंगामा करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को शांत कराया। एसीपी मोदीनगर भास्कर वर्मा ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का आरोप, युवती ने फंदे से दी जान; परिजनों ने लगाया प्रताड़ना का आरोप




