नई दिल्ली। भारतीय दर्शकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने भारत और इंग्लैंड के बीच होने वाली टी-20 सीरीज के तीन मुकाबलों के समय में बदलाव किया है। पहले रात 11 बजे (भारतीय समयानुसार) शुरू होने वाले मैच अब रात 10 बजे से खेले जाएंगे। भारत जुलाई में इंग्लैंड दौरे पर पांच टी-20 और तीन वनडे मैचों की सीरीज खेलेगा। टी-20 मुकाबले 1 से 11 जुलाई के बीच जबकि वनडे सीरीज 14 से 19 जुलाई तक आयोजित होगी। इससे पहले भारतीय टीम जून के अंत में आयरलैंड के खिलाफ दो टी-20 मैच भी खेलेगी। बताया जा रहा है कि मैचों के समय में बदलाव का फैसला भारत में अधिक से अधिक टीवी दर्शकों को जोड़ने के उद्देश्य से लिया गया है। इस संबंध में ECB ने प्रसारण साझेदारों के साथ चर्चा के बाद अंतिम निर्णय लिया। बोर्ड को उम्मीद है कि भारत की व्हाइट-बॉल सीरीज से टिकट बिक्री और प्रसारण अधिकारों के जरिए अच्छी आय होगी। इस दौरे पर युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी और अनुभवी बल्लेबाज विराट कोहली पर विशेष नजर रहेगी। वहीं इंग्लैंड के खिलाफ वनडे मुकाबलों के टिकट पहले ही बिक चुके हैं, जबकि टी-20 मैचों के लिए टिकटों की बिक्री अभी जारी है।
भारतीय क्रिकेट फैंस के लिए खुशखबरी, इंग्लैंड दौरे के टी-20 मैच एक घंटा पहले शुरू होंगे




