फरीदाबाद। जिले के भूपानी क्षेत्र में निर्माण कार्य के दौरान करंट लगने से एक 56 वर्षीय राजमिस्त्री की मौत हो गई। मृतक की पहचान ब्रजकिशोर के रूप में हुई है, जो मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। परिजनों का आरोप है कि जिस मकान में निर्माण कार्य चल रहा था, उसके ऊपर से हाईटेंशन बिजली लाइन गुजर रही थी और मकान मालिक को इस खतरे की जानकारी होने के बावजूद पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए। शिकायत के अनुसार, ब्रजकिशोर दूसरी मंजिल पर काम कर रहे थे, तभी निर्माण सामग्री या किसी अन्य वस्तु का संपर्क हाईटेंशन लाइन से हो गया, जिससे उन्हें जोरदार करंट लगा और वह नीचे गिर गए। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और बाद में परिजनों को सौंप दिया। मृतक के बेटे की शिकायत पर मकान मालिक के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
:::
निर्माणाधीन मकान में दर्दनाक हादसा, करंट लगने से राजमिस्त्री की मौत




