फरीदाबाद। ईद-उल-जुहा (बकरीद) को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से मनाने के लिए पुलिस प्रशासन ने शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। पुलिस कमिश्नर सतेन्द्र कुमार गुप्ता के निर्देश पर करीब 1 हजार पुलिस जवानों की तैनाती की गई है। एनआईटी मार्केट, ओल्ड बाजार और बल्लभगढ़ बाजार जैसे भीड़भाड़ वाले इलाकों में विशेष निगरानी रखी जाएगी। पुलिस के अनुसार ईआरवी, राइडर स्टाफ और डायल-112 की गाड़ियां लगातार गश्त करेंगी। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल, क्विक रिस्पांस टीम और सीसीटीवी कैमरों के जरिए निगरानी रखी जाएगी। पुलिस अधिकारियों ने व्यापारियों, धर्मगुरुओं और सामाजिक संगठनों के साथ बैठक कर शांति और भाईचारा बनाए रखने की अपील की है। साथ ही शाम 6 बजे से रात 9 बजे तक अलग-अलग इलाकों में पुलिस मार्च निकालने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस ने लोगों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत डायल-112, कंट्रोल रूम नंबर 999915000 या नजदीकी थाने में देने की अपील की है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर भी विशेष निगरानी रखी जा रही है, ताकि अफवाह फैलाने वालों पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।
बकरीद पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम, शहर में तैनात रहेंगे 1 हजार जवान




