नोएडा। सेक्टर-24 थाना पुलिस ने ऑनलाइन फर्जी फ्रेंडशिप क्लब के जरिए लोगों को जाल में फंसाकर लूटपाट करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दो युवकों और तीन युवतियों समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक बाल अपचारी को हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई फॉर्च्यूनर कार, वारदात में इस्तेमाल की गई स्विफ्ट और ऑरा कार के साथ एक अवैध चाकू भी बरामद किया है। जांच में सामने आया कि गिरोह पहले ग्राहकों से ऑनलाइन संपर्क करता था और युवतियों के जरिए मिलने का झांसा देकर उन्हें कार में बैठाकर सुनसान स्थान पर ले जाता था, जहां मारपीट कर मोबाइल, नकदी और अन्य सामान लूट लिया जाता था। हाल ही में आरोपियों ने एक व्यक्ति से मारपीट कर उसका मोबाइल अनलॉक करवाया, यूपीआई के जरिए करीब 18 हजार रुपये अलग-अलग खातों में ट्रांसफर कराए और उसकी फॉर्च्यूनर कार भी लूट ली। पुलिस के अनुसार गिरोह लंबे समय से दिल्ली-एनसीआर में इसी तरह वारदातों को अंजाम दे रहा था और मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
फर्जी फ्रेंडशिप क्लब की आड़ में लूट का खेल, 5 आरोपी गिरफ्तार




