फरीदाबाद। पल्ला थाना क्षेत्र में पॉक्सो एक्ट और अपहरण के एक मामले की 17 वर्षीय मुख्य गवाह संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई है। लड़की की मां ने आरोप लगाया है कि अदालत में 6 जुलाई को होने वाली गवाही को प्रभावित करने और केस को कमजोर करने के लिए उनकी बेटी को दोबारा बहला-फुसलाकर गायब किया गया है। महिला के अनुसार 13 जून को बेटी घर से अचानक लापता हो गई और जाते समय करीब 40 हजार रुपए के सोने-चांदी के जेवरात तथा 20 हजार रुपए नकद भी साथ ले गई। पीड़िता पहले से पल्ला थाने में दर्ज पॉक्सो और अपहरण के मामले की मुख्य गवाह है, जिसमें आरोपी मनीष और मोहित फिलहाल जेल में बंद हैं। महिला ने आरोप लगाया कि इससे पहले भी जनवरी 2026 में जमानत पर बाहर आए आरोपी मनीष ने अपने परिजनों के साथ मिलकर लड़की का अपहरण कर कोर्ट में बयान बदलने का दबाव बनाया था। अब दोबारा लापता होने पर मां ने आरोपियों के परिजनों पर साजिश रचने का संदेह जताया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर कॉल डिटेल्स और संदिग्धों की गतिविधियों की जांच शुरू कर दी है।
पॉक्सो केस की मुख्य गवाह नाबालिग लापता, गवाही से पहले दोबारा अगवा करने का आरोप




