नई दिल्ली। नॉर्थ-ईस्ट दिल्ली के दयालपुर थाना क्षेत्र के नेहरू विहार में कारोबारी मोहम्मद राशिद (40) की गोली मारकर हत्या का CCTV वीडियो सामने आया है। फुटेज में हेलमेट पहने तीन बदमाश स्कूटी से पहुंचते दिख रहे हैं। पानी के प्लांट के पास स्कूटी रोककर दो हमलावर उतरे और राशिद पर बेहद करीब से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। अचानक हुई गोलीबारी से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाकर भागने लगे। वारदात के बाद आरोपी हवा में फायरिंग करते हुए फरार हो गए। पुलिस के मुताबिक, सोमवार शाम करीब 6:10 बजे शेरपुर चौक स्थित अपनी ऑटो एजेंसी से निकलकर राशिद पानी के प्लांट पर पहुंचे थे, तभी बदमाशों ने उन पर 12 से 15 राउंड फायर किए। सिर, चेहरे और सीने में करीब 10 गोलियां लगने से उनकी मौत हो गई। शुरुआती जांच में रंगदारी नहीं देने पर हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर ली है और उनकी गिरफ्तारी के लिए कई टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।
रंगदारी नहीं दी तो कारोबारी की गोलियों से भूनकर हत्या, CCTV में कैद हुए हमलावर




