ग्रेटर नोएडा। दनकौर कोतवाली क्षेत्र के देवटा गांव में जन्मदिन की पार्टी के दौरान एक युवक पर फायरिंग का मामला सामने आया है, जिसमें वह बाल-बाल बच गया। शनिवार रात जगतपाल भाटी के घर उनके बेटे मयंक का जन्मदिन मनाया जा रहा था, तभी कार में सवार होकर आए चार युवकों ने पहुंचते ही गाली-गलौज शुरू कर दी और विरोध करने पर एक आरोपी ने मयंक पर जान से मारने की नीयत से गोली चला दी। हालांकि गोली नहीं लगी और वह सुरक्षित बच गया। फायरिंग से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीणों के जुटने पर आरोपी कार से फरार हो गए। पीड़ित पक्ष ने हापुड़ निवासी अरुण नागर को पहचान लिया है। पुलिस के अनुसार मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा है। शिकायत के आधार पर नामजद समेत चार आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी गई है।
जन्मदिन पार्टी में चली गोली: पुरानी रंजिश में युवक पर जानलेवा हमला, आरोपी फरार




