गाजियाबाद। शहर के राजनगर एक्सटेंशन स्थित कृष्णा एनक्लेव सोसायटी में एक स्कूल के बेसमेंट में चल रही प्रार्थना सभा को लेकर विवाद खड़ा हो गया। रविवार शाम पूर्व पार्षद संजीव त्यागी और स्थानीय लोगों की सूचना पर नंदग्राम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को शांत कराया। बताया जा रहा है कि पिछले करीब तीन महीने से यहां नियमित रूप से प्रार्थना सभाएं हो रही थीं, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल होते थे। मौके से प्रार्थना से जुड़े दस्तावेज, फोटो और वीडियो सामग्री भी मिली है। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि यहां गुप्त रूप से धार्मिक गतिविधियां और धर्मांतरण कराए जा रहे थे, जिसके विरोध में उन्होंने बैनर और होर्डिंग हटा दिए। पुलिस ने फिलहाल किसी तरह की लिखित शिकायत न मिलने की बात कही है, लेकिन अजराड़ा निवासी बताए जा रहे अंकुर मैसी नामक व्यक्ति की तलाश की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार पूरे मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
स्कूल के बेसमेंट में प्रार्थना सभा पर विवाद, पुलिस जांच में जुटी




