ग्रेटर नोएडा। थाना सूरजपुर पुलिस ने शनिवार तड़के मुठभेड़ के बाद अंतरजनपदीय चोर गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में संभल निवासी वकील उर्फ रिजवान और सरफराज उर्फ फैज के पैर में गोली लगी, जबकि उनके साथी भोले उर्फ भोला और अलीजान को घेराबंदी कर मौके से पकड़ लिया गया। आरोपियों के कब्जे से करीब 63 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण, 11.27 लाख रुपये नकद, चार अवैध तमंचे, कारतूस और चोरी की वारदातों में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिलें बरामद हुई हैं। डीसीपी शैलेंद्र सिंह के अनुसार, मोजर बियर गोलचक्कर के पास वाहन चेकिंग के दौरान बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर भागने की कोशिश की, जिसके बाद मुठभेड़ हुई। जांच में सामने आया है कि गिरोह दिल्ली-एनसीआर में बंद मकानों की रेकी कर चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। गिरोह का एक सदस्य रैपिड बाइक चालक के रूप में काम करते हुए सूने मकानों की जानकारी जुटाता था। पुलिस ने आरोपियों से करीब 51 लाख रुपये के सोने के बिस्कुट और आभूषण, 1.25 लाख रुपये के चांदी के जेवरात भी बरामद किए हैं। गिरफ्तार बदमाशों के खिलाफ विभिन्न जिलों में चोरी, लूट और अन्य अपराधों के कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब उनके आपराधिक नेटवर्क और अन्य वारदातों में संलिप्तता की जांच कर रही है।
ग्रेटर नोएडा में पुलिस मुठभेड़, अंतरजनपदीय चोर गिरोह के 4 बदमाश गिरफ्तार




