ग्रेटर नोएडा। गौतमबुद्धनगर जिले के बिसरख थाना क्षेत्र स्थित शाहबेरी फर्नीचर मार्केट में शुक्रवार रात करीब 10 बजे भीषण आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि लपटें करीब 20 फीट तक उठ रही थीं और धुएं का गुबार 2 किलोमीटर दूर तक दिखाई दे रहा था। आग के दौरान कई धमाकों की आवाजें भी सुनाई दीं, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 32 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और पुलिस की मदद से करीब 40 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक 6 फर्नीचर और 2 प्लास्टिक की दुकानें जलकर राख हो चुकी थीं। राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक आग पहले एक प्लास्टिक की दुकान में लगी और फिर तेजी से आसपास की दुकानों तक फैल गई। बाजार में लकड़ी, प्लास्टिक, पेंट और अन्य ज्वलनशील सामान होने के कारण आग तेजी से भड़क गई। घटना के बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए, जिससे आसपास की सड़कों पर जाम जैसी स्थिति बन गई। पुलिस ने ट्रैफिक डायवर्ट कर हालात संभाले। संकरी गलियों के कारण दमकल गाड़ियों को पहुंचने में भी काफी दिक्कत हुई। सीएफओ प्रदीप कुमार ने बताया कि ग्रीन कॉरिडोर बनाकर फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को मौके तक पहुंचाया गया और छह अलग-अलग दिशाओं से आग बुझाने का काम किया गया। अधिकारियों ने बताया कि शाहबेरी का यह फर्नीचर बाजार अवैध रूप से संचालित हो रहा था और यहां अधिकांश दुकानें टीन शेड व लकड़ी से बनी हुई थीं। वहीं शुक्रवार को नोएडा सेक्टर-2 की एक कपड़ा फैक्ट्री और नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की चारदीवारी के बाहर झाड़ियों में भी आग लगने की घटनाएं सामने आईं, हालांकि दोनों जगह समय रहते आग पर काबू पा लिया गया।
ग्रेटर नोएडा के शाहबेरी फर्नीचर मार्केट में भीषण आग, 8 दुकानें जलकर राख




