मंदसौर। मंदसौर पुलिस ने इंदौर के तीन युवकों को करीब 1 किलो एमडी ड्रग के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी इंदौर से ड्रग की डिलीवरी लेने मंदसौर पहुंचे थे। पुलिस ने उनके कब्जे से एक कार भी जब्त की है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान समाजवाद नगर निवासी शोभित कांटे, विश्वास उर्फ नाना राठौर और नेहरू नगर निवासी दीपेंद्र चौहान के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक तीनों आरोपी इंदौर के खजराना और आजाद नगर इलाके में एमडी ड्रग की सप्लाई करते थे। इंदौर पुलिस भी पहले से इनके पीछे लगी हुई थी, लेकिन उससे पहले मंदसौर पुलिस ने इन्हें दबोच लिया। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी खुद भी नशे के आदी हैं और छत्रीपुरा इलाके के किसी व्यक्ति के कहने पर बड़ी रकम लेकर माल लेने पहुंचे थे। पुलिस को शक है कि वे कमीशन पर ड्रग उठाने आए थे। बताया जा रहा है कि शोभित छत्रीपुरा क्षेत्र के ड्रग तस्करों के संपर्क में था और लंबे समय से नशे के कारोबार में शामिल था। वहीं विश्वास उर्फ नाना के खिलाफ पहले भी कई मामले दर्ज हैं। मंदसौर पुलिस अब इस पूरे ड्रग नेटवर्क और सप्लाई चेन की जांच में जुट गई है और जल्द ही बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
मंदसौर में इंदौर के 3 तस्कर गिरफ्तार, 1 किलो एमडी ड्रग बरामद




