नई दिल्ली। भारत अंडर-19 टीम को दूसरे यूथ वनडे में श्रीलंका अंडर-19 के हाथों 8 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। राहुल द्रविड़ के बेटे अन्वय द्रविड़ ने शानदार 87 रन और अर्जुन राजपूत ने 76 रन की पारी खेलकर भारत को 285 रन तक पहुंचाया, लेकिन श्रीलंका के ओपनर दिमंथा महाविथाना ने 153 गेंदों पर नाबाद 155 रन बनाकर मुकाबला एकतरफा कर दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने शुरुआती चार विकेट 81 रन पर गंवा दिए थे, जिसके बाद अन्वय और राजपूत ने 145 रन की साझेदारी कर पारी संभाली, हालांकि अंतिम ओवरों में टीम जल्दी सिमट गई। जवाब में श्रीलंका ने शुरुआती झटका लगने के बावजूद महाविथाना की शतकीय पारी, सेनुजा वेकुनागोड़ा के 60 रन और कप्तान विमथ दिनसारा के नाबाद 56 रन की बदौलत 48 ओवर में दो विकेट खोकर 291 रन बनाते हुए लक्ष्य हासिल कर लिया। श्रीलंका के तेज गेंदबाज गिम्हान मेंडिस ने 41 रन देकर पांच विकेट झटके। तीन मैचों की सीरीज अब 1-1 से बराबरी पर है और निर्णायक मुकाबला 9 जुलाई को खेला जाएगा।
अन्वय की दमदार पारी पर महाविथाना का शतक भारी, श्रीलंका ने सीरीज की बराबर




