नई दिल्ली। लोधी कॉलोनी स्थित एनडीएमसी फ्लैट्स की तीसरी मंजिल से गिरने के बाद 28 वर्षीय नवविवाहिता आकृति सुतार की मौत हो गई। गंभीर हालत में उन्हें एम्स ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। आकृति दक्षिण दिल्ली के पुष्प विहार की रहने वाली थीं और छतरपुर की एक निजी कंपनी में सेल्स एग्जीक्यूटिव के पद पर कार्यरत थीं। उनकी शादी इसी वर्ष 24 अप्रैल को अरस्तु सिक्का से हुई थी। मृतका के परिजनों ने पति और ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या का आरोप लगाते हुए दावा किया कि घटना को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की जा रही है। परिवार का कहना है कि आकृति मानसिक रूप से मजबूत थी और आत्महत्या जैसा कदम नहीं उठा सकती थी। उनका आरोप है कि शादी के बाद से ही उसे दहेज को लेकर परेशान किया जाता था और पति उसके साथ मारपीट करता था। पुलिस परिवार और अन्य गवाहों के बयान दर्ज कर मामले के हर पहलू की जांच कर रही है तथा मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
शादी के ढाई महीने बाद नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, दहेज हत्या का आरोप




