इंफाल। मणिपुर में शनिवार को हिंसा की दो अलग-अलग घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए। नोनी जिले में एक सशस्त्र संगठन के दो गुट आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों के बीच हुई गोलीबारी में एक कैडर की मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हुए हैं। दूसरी घटना थौबल जिले में सामने आई, जहां अज्ञात हमलावरों ने एक पेट्रोल पंप परिसर में ग्रेनेड फेंक दिया। धमाके में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
नोनी में दो गुटों के बीच चली गोलियां
पुलिस के अनुसार, शनिवार तड़के नोनी जिले में जेलियांगरोंग यूनाइटेड फ्रंट-कामसन (ZUF-K) और जेलियांगरोंग यूनाइटेड फ्रंट-जेंचुई (ZUF-J) से जुड़े कैडरों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच गोलीबारी शुरू हो गई।
फायरिंग में 37 वर्षीय जांगैलिंग गोनमेई की मौत हो गई। छह अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं। घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई और सुरक्षा बलों ने क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी।
छह घायल अस्पताल में भर्ती
घायलों में पांच को इंफाल स्थित जवाहरलाल नेहरू इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (JNIMS) में भर्ती कराया गया है। अधिकारियों के मुताबिक सभी घायलों की हालत फिलहाल स्थिर है। एक अन्य घायल का इलाज इंफाल के एक निजी अस्पताल में चल रहा है।
पुलिस घटना के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी है और दोनों गुटों के बीच टकराव के कारणों की जांच की जा रही है।
थौबल में पेट्रोल पंप पर फेंका गया ग्रेनेड
इसी बीच शनिवार शाम थौबल जिले में पेट्रोल पंप को निशाना बनाकर ग्रेनेड फेंके जाने की घटना सामने आई। पुलिस के मुताबिक, कुछ अज्ञात लोग करीब शाम 6:30 बजे कार से पेट्रोल पंप पहुंचे और परिसर में खड़े तेल टैंकर के पास ग्रेनेड फेंककर फरार हो गए।
ग्रेनेड के धमाके से पेट्रोल पंप परिसर में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि हमले में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। हमलावरों की पहचान के लिए पेट्रोल पंप और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हमले के पीछे कौन लोग हैं और पेट्रोल पंप को निशाना बनाने की वजह क्या थी।
दोनों घटनाओं को देखते हुए संबंधित इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि घटनाओं से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।




