नई दिल्ली। जामा मस्जिद थाने के भीतर पुलिसकर्मियों पर हुए चाकू से हमले के बाद दिल्ली पुलिस ने थानों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सख्ती बढ़ा दी है। अब थाने में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की पहचान और वहां पहुंचने का मकसद जानने के बाद ही प्रवेश दिया जा रहा है। बिना पूछताछ और शुरुआती जांच के किसी को भी परिसर में जाने की अनुमति नहीं है। इसके अलावा इलाके में सुरक्षा और निगरानी बढ़ाने के लिए रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) की एक टुकड़ी भी तैनात की गई है।
थानों के प्रवेश द्वार से परिसर तक बढ़ाई निगरानी
जामा मस्जिद थाने में हुई वारदात ने पुलिस परिसरों की आंतरिक सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। थानों में शिकायतकर्ता, गवाह, आरोपी और पूछताछ के लिए बुलाए गए लोगों का लगातार आना-जाना रहता है। ऐसे में किसी भी व्यक्ति की बिना जांच-पड़ताल अंदर तक पहुंच सुरक्षा के लिए खतरा बन सकती है।
इसी को देखते हुए पुलिस ने अन्य थानों में भी सतर्कता बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। प्रवेश द्वार पर तैनात संतरी और सुरक्षाकर्मियों को अलर्ट रहने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखने को कहा गया है।
CCTV कैमरों की जांच, एंट्री रजिस्टर पर जोर
सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए थानों के मुख्य गेट से लेकर अंदरूनी परिसर तक लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच कराई जा रही है। जिन कैमरों में तकनीकी खराबी है या जिनका एंगल सही नहीं है, उन्हें दुरुस्त किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि अधिकांश थानों में कैमरे काम कर रहे हैं, जबकि कुछ स्थानों पर निगरानी व्यवस्था को और बेहतर बनाया जा रहा है।
इसके साथ ही थाने में आने वाले लोगों का विवरण रजिस्टर में दर्ज करने पर भी जोर दिया जा रहा है। इसमें संबंधित व्यक्ति का नाम, पता, मोबाइल नंबर और थाने आने का उद्देश्य दर्ज किया जाएगा। पुलिस की कोशिश है कि किसी भी बाहरी व्यक्ति की गतिविधियों पर नजर रखने में चूक न हो।
आरोपी नबील पर तीन FIR, नशे और ड्रग्स कनेक्शन की जांच
उधर, पुलिसकर्मियों पर चाकू से हमला करने के आरोपी नबील (30) के खिलाफ तीन अलग-अलग एफआईआर दर्ज की गई हैं। इनमें दो मामले जामा मस्जिद थाने में लूट और हत्या के प्रयास से संबंधित हैं, जबकि चितली कब्र इलाके में पुलिस टीम पर हमले को लेकर चांदनी महल थाने में हत्या के प्रयास की एफआईआर दर्ज की गई है।
नबील की मां और बहन ने पहले उसके परेशान करने की शिकायत की थी, जिसके आधार पर उसे थाने में काउंसलिंग के लिए बुलाया गया था। हालांकि, इस शिकायत पर फिलहाल अलग से एफआईआर दर्ज नहीं की गई है।
पुलिस अब आरोपी की नशे की लत, ड्रग्स की सप्लाई और संभावित तस्करों से उसके संपर्कों की भी पड़ताल कर रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि वारदात के पीछे केवल पारिवारिक विवाद था या इसके पीछे कोई अन्य आपराधिक पहलू भी है।
LNJP अस्पताल में भर्ती, नौ घायल पुलिसकर्मियों में दो की हालत गंभीर
पुलिस के मुताबिक, नबील का लोकनायक जयप्रकाश (LNJP) अस्पताल में इलाज चल रहा है। उसकी हालत में मामूली सुधार हुआ है, लेकिन अभी तक पूछताछ की स्थिति नहीं बन सकी है।
इस पूरी वारदात में कुल नौ पुलिसकर्मी घायल हुए थे। पुलिस सूत्रों के अनुसार, इनमें से दो की हालत गंभीर बनी हुई है, जबकि बाकी सात पुलिसकर्मियों की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है। आरोपी से पूछताछ शुरू होने के बाद हमले से जुड़े अन्य पहलुओं और उसके संभावित आपराधिक संपर्कों की जानकारी जुटाई जाएगी।




