गाजियाबाद: अंतरजातीय विवाह से नाराज परिजनों पर दंपती को जान से मारने की धमकी देने का आरोप, पुलिस से मांगी सुरक्ष
गाजियाबाद। इंदिरापुरम क्षेत्र की 22 वर्षीय युवती ने अंतरजातीय विवाह के बाद अपने ही परिवार से जान का खतरा बताते हुए पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई है। युवती का आरोप है कि शादी से नाराज परिजनों ने मोदीनगर स्थित उसके ससुराल पहुंचकर उसे और उसके पति को जान से मारने की धमकी दी। लगातार मिल रही धमकियों से परेशान दंपती सोमवार को पुलिस आयुक्त कार्यालय पहुंचे और सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की।
युवती के मुताबिक, उसने 19 नवंबर को मोदीनगर निवासी एक युवक के साथ विवाह किया था। उसका पति केंद्र सरकार की संजय नगर सेक्टर-23 स्थित फॉरेंसिक लैब में वैज्ञानिक के पद पर कार्यरत है। दोनों ने 19 नवंबर को आर्य समाज विवाह उत्थान केंद्र में शादी की थी। इसके अगले दिन 20 नवंबर को गाजियाबाद के सब रजिस्ट्रार-4 कार्यालय में विवाह का पंजीकरण भी करा लिया।
शादी के बाद दोनों साथ रह रहे हैं। युवती का आरोप है कि अंतरजातीय विवाह से नाराज उसके परिवार के लोग मोदीनगर स्थित ससुराल पहुंच गए और दोनों को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। आरोप है कि परिजनों ने दंपती को जान से मारने की चेतावनी दी, जिसके बाद से दोनों भय के माहौल में रह रहे हैं।
युवती ने बताया कि इस संबंध में पहले भी इंदिरापुरम थाने में शिकायत देकर पुलिस को पूरे मामले से अवगत कराया गया था, लेकिन इसके बावजूद धमकियां मिलने का सिलसिला नहीं रुका। आखिरकार सोमवार को दंपती पुलिस आयुक्त कार्यालय पहुंचे और अपनी सुरक्षा सुनिश्चित कराने की मांग की।
एसीपी इंदिरापुरम सूर्यबली मौर्य ने बताया कि युवती की शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।




