दिल्ली: युधिष्ठिर सेतु पर बेकाबू फॉर्च्यूनर का कहर, ऑटो चालक समेत दो की मौत, छह घायल; आरोपी चालक फरा
नई दिल्ली। उत्तरी दिल्ली के कश्मीरी गेट इलाके में तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर ने मंगलवार देर रात भीषण हादसा कर दिया। युधिष्ठिर सेतु पर कार ने पहले एक ऑटो को जोरदार टक्कर मारी और फिर अनियंत्रित होकर फुटपाथ पर चढ़ गई। हादसे में ऑटो चालक समेत आठ लोग घायल हो गए। सभी को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान ऑटो चालक शाहिद अली और राजस्थान निवासी सुरेश शर्मा ने दम तोड़ दिया। पुलिस की शुरुआती जांच में कार चालक के शराब के नशे में होने की बात सामने आई है।
पुलिस के मुताबिक, हादसा मंगलवार रात करीब डेढ़ बजे हुआ। सूचना मिलते ही कश्मीरी गेट थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर फॉर्च्यूनर और ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हालत में मिले। प्रारंभिक जांच में पता चला कि तेज रफ्तार कार ने पहले ऑटो को टक्कर मारी, जिससे ऑटो पलट गया। इसके बाद चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और कार सीधे फुटपाथ पर चढ़ गई। इस दौरान वहां मौजूद पांच अन्य लोग भी कार की चपेट में आकर घायल हो गए।
ऑटो में चालक समेत तीन लोग सवार थे, जबकि फुटपाथ पर मौजूद पांच लोग हादसे का शिकार हुए। पुलिस ने पीसीआर वैन की मदद से सभी आठ घायलों को अस्पताल भिजवाया। मौके पर ही कार चालक को पकड़ लिया गया। उसकी पहचान कौशांबी निवासी वेदुरिया नाथ के रूप में हुई है।
पहले दर्ज हुआ लापरवाही से वाहन चलाने का केस
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, हादसे के तुरंत बाद किसी की मौत नहीं हुई थी। ऐसे में शुरुआती कार्रवाई के तहत लापरवाही से वाहन चलाने के आरोप में मामला दर्ज कर चालक को गिरफ्तार किया गया। संबंधित धाराओं में जमानत का प्रावधान होने के कारण उसे छोड़ दिया गया।
हालांकि, बुधवार दोपहर बाद अस्पताल में उपचार के दौरान दो घायलों की मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने मामले में गैर इरादतन हत्या की धारा भी जोड़ दी। पुलिस उपायुक्त निहारिका भट्ट के मुताबिक, हादसे में घायल अन्य लोगों की हालत स्थिर है। उपचार के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।
जमानत मिलते ही फरार हुआ आरोपी
दो लोगों की मौत के बाद मामले की गंभीरता बढ़ गई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी वेदुरिया नाथ जमानत पर छूटने के बाद से फरार है। उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त फॉर्च्यूनर और ऑटो को कब्जे में ले लिया है।
हादसे की वास्तविक परिस्थितियों और कार की रफ्तार का पता लगाने के लिए घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के साथ हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की जांच में जुटी है।




