दिल्ली: थाने में पुलिसकर्मियों पर चाकू से हमला कर फरार हुआ युवक, 9 जवानों को किया घायल; मुठभेड़ में पैरों में लगीं 6 गोलिया
नई दिल्ली। दिल्ली के जामा मस्जिद थाने में सोमवार दोपहर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब काउंसलिंग के लिए बुलाए गए 30 वर्षीय युवक ने अचानक पुलिसकर्मियों पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए। इसके बाद आरोपी थाने से फरार हो गया और रास्ते में एक राहगीर से चाकू के बल पर स्कूटी लूट ली। पुलिस ने पीछा कर चितली कब्र इलाके के हवेली आजम खां में उसे घेर लिया, लेकिन यहां भी आरोपी ने चाकू से पुलिस टीम पर हमला कर दिया। आखिरकार पुलिस को जवाबी फायरिंग करनी पड़ी। आठ राउंड गोली चलाने के बाद आरोपी काबू में आया। उसके पैरों में छह गोलियां लगी हैं।
परिजनों की शिकायत पर काउंसलिंग के लिए बुलाया था थाने
सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट के डीसीपी रोहित राजबीर सिंह के मुताबिक, आरोपी नबील की मां और बहन ने पुलिस से शिकायत की थी कि वह उन्हें परेशान करता है। इसी शिकायत के सिलसिले में सोमवार दोपहर करीब 2:30 बजे नबील को जामा मस्जिद थाने में काउंसलिंग के लिए बुलाया गया था। पुलिसकर्मी उससे बातचीत कर रहे थे, तभी उसने अचानक चाकू निकाल लिया और जवानों पर ताबड़तोड़ वार शुरू कर दिए।
आरोपी ने पुलिसकर्मियों के चेहरे और गर्दन को निशाना बनाया। इस हमले में एसआई अजय, अरविंद और हेड कांस्टेबल हरेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि एएसआई श्रीकृष्ण और हेड कांस्टेबल बलजीत को भी चोटें आईं। वारदात के बाद नबील मौके से फरार हो गया। सभी घायलों को इलाज के लिए सर गंगाराम अस्पताल पहुंचाया गया।
राहगीर से चाकू के बल पर स्कूटी लूटी
थाने से निकलने के बाद आरोपी ने भागने के लिए रास्ते में एक राहगीर को चाकू दिखाकर उसकी स्कूटी छीन ली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने आरोपी की तलाश में एएटीएस और स्पेशल स्टाफ की संयुक्त टीमें गठित कीं। आसपास के इलाकों में घेराबंदी कर उसकी तलाश शुरू की गई।
पुलिस को उसकी लोकेशन चितली कब्र के पास हवेली आजम खां इलाके में मिली। टीम ने उसे चारों तरफ से घेर लिया, लेकिन आरोपी ने सरेंडर करने के बजाय फिर चाकू निकालकर पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया।
गिरते हुए भी करता रहा चाकू से वार, 8 राउंड फायरिंग
पुलिस टीम ने नबील को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह लगातार चाकू से हमला करता रहा। इस दौरान स्पेशल स्टाफ के कांस्टेबल अंकित, जयंत, लोकेश और परमिंदर घायल हो गए। लगातार हमले और आरोपी को काबू करने में आ रही मुश्किलों के बीच पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की।
डीसीपी के अनुसार, आरोपी को रोकने के लिए पुलिस ने आठ राउंड फायरिंग की। सभी गोलियां कमर से नीचे निशाना बनाकर चलाई गईं, जिनमें से छह गोलियां नबील के पैरों में लगीं। इसके बाद पुलिस ने उसे काबू कर अस्पताल पहुंचाया।
तीन अलग-अलग एफआईआर दर्ज, पहले भी दर्ज है मामला
डीसीपी ने बताया कि पूरे घटनाक्रम को लेकर तीन अलग-अलग एफआईआर दर्ज की गई हैं। पहली एफआईआर थाने में पुलिसकर्मियों पर चाकू से हमले और आर्म्स एक्ट समेत संबंधित धाराओं में दर्ज की गई है। दूसरी एफआईआर स्कूटी लूटने के मामले में और तीसरी मुठभेड़ के दौरान पुलिसकर्मियों पर हमले को लेकर दर्ज की गई है।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, नबील के खिलाफ वर्ष 2022 में दरियागंज थाने में भी खतरनाक हथियार से चोट पहुंचाने का मामला दर्ज हुआ था।
घनी आबादी वाले इलाके में फायरिंग से दहशत
हवेली आजम खां जैसे घनी आबादी वाले इलाके में दिनदहाड़े हुई चाकू की वारदात और पुलिस की जवाबी फायरिंग से स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई। प्रत्यक्षदर्शी नासिर खां के मुताबिक, वह घटनास्थल के पास से गुजर रहे थे, तभी अचानक गोलियों की आवाज सुनाई दी। मौके पर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों को देखकर लोग सहम गए। पुलिस ने देर रात तक इलाके में जांच और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी।




