गाजियाबाद पुलिस कमिश्नरेट के चार साल: लूट में 84 फीसदी और चेन स्नैचिंग में 61 फीसदी की गिरावट, 334 करोड़ से अधिक की संपत्ति कुर्
गाजियाबाद। जिले में पुलिस कमिश्नरेट व्यवस्था लागू होने के चार साल पूरे हो गए हैं। इस दौरान पुलिस ने अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था और आपातकालीन सेवाओं में कई अहम बदलाव किए हैं। पुलिस की ओर से जारी चार साल के आंकड़ों के मुताबिक, वर्ष 2022 की तुलना में वर्ष 2026 में लूट की घटनाओं में 84.1 प्रतिशत, गोवध में 83.7 प्रतिशत, चेन झपटमारी में 61.76 प्रतिशत और नकबजनी की घटनाओं में 61.6 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है। वहीं, महिला संबंधी अपराधों में भी 44 प्रतिशत की गिरावट का दावा किया गया है।
अपराधियों पर आर्थिक शिकंजा कसते हुए पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट और अन्य संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत अब तक 334.84 करोड़ रुपये की संपत्ति कुर्क की है। पुलिस का दावा है कि कमिश्नरेट व्यवस्था लागू होने के बाद अपराध नियंत्रण और पुलिसिंग को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में लगातार काम किया गया है।
गौरतलब है कि 26 नवंबर 2022 को गाजियाबाद में पुलिस कमिश्नरेट व्यवस्था लागू की गई थी। इसके बाद पूरे क्षेत्र को तीन जोन में विभाजित किया गया। साथ ही थानों और सर्किलों का पुनर्गठन कर बीट पुलिसिंग व्यवस्था को लागू किया गया। वर्तमान में पूरे कमिश्नरेट क्षेत्र को 2,131 बीटों में बांटा गया है, ताकि पुलिस की स्थानीय स्तर पर मौजूदगी बढ़ाई जा सके और अपराधों पर प्रभावी निगरानी रखी जा सके।




