बाराबंकी। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर शनिवार देर रात तेज रफ्तार रोडवेज बस आगे चल रहे ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना में बस चालक समेत 27 यात्री घायल हुए हैं। सूचना मिलने पर पुलिस और यूपीडा की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया।
हादसा रात करीब 1:30 बजे सुबेहा थाना क्षेत्र में माइलस्टोन 56.7 के पास हुआ। रोडवेज बस आजमगढ़ से लखनऊ की ओर जा रही थी और उसमें करीब 50 यात्री सवार थे। बताया जा रहा है कि बस आगे चल रहे ट्रक से पीछे से टकरा गई। टक्कर के बाद ट्रक सड़क पर पलट गया, जबकि बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।
एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाए गए घायल
दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के साथ यूपीडा के सुरक्षा कर्मचारी घटनास्थल पर पहुंचे। टीम ने बस में फंसे और घायल यात्रियों को बाहर निकाला और एंबुलेंस की मदद से सीएचसी बाजार शुकुल पहुंचाया।
अस्पताल में 16 घायलों का प्राथमिक उपचार किया गया। 11 यात्रियों को मामूली चोटें आई थीं, जिन्हें दवा देने के बाद घर भेज दिया गया। वहीं, गंभीर रूप से घायल छह लोगों को बेहतर उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज, तिलोई रेफर किया गया।
बस चालक समेत इन यात्रियों की हालत गंभीर
घायलों में बस चालक संजय सिंह (56) निवासी रामपुर, आजमगढ़ के अलावा जगदंबा गुप्ता (35), उनकी पत्नी विनीता गुप्ता (32), जयप्रकाश (35) निवासी शिवपुर, बृजेश राय (49), काशीनाथ यादव (35), सीमा अस्थाना (42) निवासी हरदोई, किशन कुमार (29) निवासी चुल्लूपार, गोरखपुर, श्वेता पांडे (46) निवासी अलीगंज, लखनऊ और कार्तिक राजभर (25) समेत अन्य यात्री शामिल हैं।
पुलिस के मुताबिक संजय सिंह, जयप्रकाश, बृजेश राय, सीमा अस्थाना, श्वेता पांडे और कार्तिक राजभर को गंभीर चोटों के चलते तिलोई मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
यात्री ने बताया- चालक को आई थी झपकी
हादसे के बाद यात्रियों ने दुर्घटना की वजह को लेकर अपनी बातें बताईं। यात्री दिलशाद के मुताबिक हादसे के समय वह जाग रहे थे। उनका दावा है कि बस चालक को अचानक झपकी आने के कारण बस आगे चल रहे ट्रक से जा भिड़ी। हादसे के वक्त कई यात्री नींद में थे।
सुबह फ्लाइट थी, अस्पताल में पति के पास पहुंचने की चिंता
हादसे में घायल आफरीन बानो की रविवार सुबह 9:15 बजे लखनऊ से सऊदी अरब के लिए उड़ान थी। वह पहली बार अपने पति मोहम्मद हुसैन के पास जाने वाली थीं। सिर में हल्की चोट लगने के बाद वह अस्पताल में बार-बार यही पूछती रहीं कि क्या वह समय पर अपने पति के पास पहुंच पाएंगी।
फिलहाल पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना के बाद एक्सप्रेसवे पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ। पुलिस और यूपीडा की टीम ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात सामान्य कराया।




