गाजियाबाद में सिलाई कारीगर की गोली मारकर हत्या, कमरे में चारपाई पर मिला खून से लथपथ शव

Must read

खोड़ा की वंदना एन्क्लेव कॉलोनी में वारदात से सनसनी; पत्नी काम से लौटी तो बाहर से बंद मिला कमरे का दरवाजा, पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी

गाजियाबाद। खोड़ा थाना क्षेत्र की वंदना एन्क्लेव कॉलोनी में शनिवार को एक सिलाई कारीगर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। 35 वर्षीय अंशुल का शव उसके किराए के कमरे में चारपाई पर खून से लथपथ मिला। वारदात के समय उसकी पत्नी फैक्ट्री में काम पर गई थी। शाम को घर लौटने पर पति की लाश देखकर उसकी चीख निकल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

पत्नी काम पर गई, घर में अकेला था अंशुल

मूल रूप से लखीमपुर खीरी का रहने वाला अंशुल अपनी पत्नी निशा के साथ वंदना एन्क्लेव कॉलोनी में किराए पर रहता था। दंपती एक ही फैक्ट्री में सिलाई का काम करते थे। उनके एक बेटा और एक बेटी हैं, जो गांव में रहते हैं।

पुलिस के मुताबिक, अंशुल को फैक्ट्री से दो दिन की छुट्टी मिली थी। शनिवार सुबह निशा काम पर चली गई, जबकि अंशुल कमरे पर ही था। उसके साथ कमरे में उसका जीजा पप्पू भी रहता था, जो सिलाई का काम करता है।

दोपहर में कमरे पर आया था जीजा

जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर करीब एक बजे पप्पू खाना खाने कमरे पर आया था। खाना खाने के बाद वह वापस चला गया। इसके बाद कमरे में क्या हुआ और अंशुल की हत्या किसने की, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।

शाम करीब सात बजे निशा काम से लौटी तो कमरे की कुंडी बाहर से लगी हुई थी। अंदर पहुंचने पर उसने अंशुल को चारपाई पर मृत अवस्था में पड़ा देखा। उसकी कमर में गोली लगी थी और कमरे में खून फैला हुआ था। पति का शव देखते ही निशा चीख पड़ी। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए और पुलिस को सूचना दी।

पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

हत्या की सूचना पर एसीपी इंदिरापुरम सूर्यबली मौर्य पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौके का निरीक्षण करने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

फिलहाल हत्या के पीछे की वजह और वारदात में शामिल व्यक्ति की पहचान को लेकर जांच जारी है। पुलिस आसपास के रास्तों और इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि घटनाक्रम से जुड़े सुराग जुटाए जा सकें। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

Latest article